दिल्ली-महाराष्ट्र के साथ ही प्रमुख महानगरों में कोरोना संक्रमण की रफ्तार बढ़ी है। इसके बावजूद मैनपुरी जिले में लोग सतर्कता नहीं बरत रहे हैं। सामाजिक दूरी और मास्क की लगातार लोग अनदेखी कर रहे हैं। यह अनदेखी भारी पड़ सकती है।
शनिवार को शहर के बाजारों में लोगों की भीड़ देखी गई। भीड़ में बड़ी संख्या में लोग मास्क नहीं लगाए हुए थे। बाजार में जाम के हालत थे। बजाजा बाजार में लोगों को सामाजिक दूरी को तार-तार करते हुए देखा गया। यहां तक कि दुकानों पर बैठे लोग भी कोविड-19 की गाइड लाइन का पालन नहीं कर रहे थे। दुकानों में भी लोगों की भीड़ देखी गई।
बीस दिन में मिल चुके हैं 239 कोरोना संक्रमित
जिले में नवंबर माह में कोविड-19 के मरीज तेजी के साथ बढ़े हैं। पिछले 20 दिन में जिले में 239 कोरोना संक्रमित मिले। जबकि तीन लोगों की मौत हो चुकी है। जबकि अक्तूबर महीने के शुरुआत बीस दिन में 179 कोरोना संक्रमित मिले थे। कुल मिलाकर नवंबर में कोरोना संक्रमितों की संख्या बढ़ी है। जिलाधिकारी ने भी निर्देश जारी किए हैं कि महानगरों से आने वाले प्रत्येक व्यक्ति की कोरोना जांच कराई जाए।