फिरोजाबाद। दो दिन पूर्व बारिश से जसराना क्षेत्र में धान की फसल खेत में बिछ गई। तेज हवा के कारण बाजरा भी खेतों में गिर गया। मिर्च की फसल का फूल गिरने के कारण फसल की पैदावार प्रभावित होगी। किसान बारिश से बर्बाद फसलों को देखकर अपना सिर पकड़ने को मजबूर है। वहीं सरसों की फसल की बुवाई करने वाले किसानों को खेत में पपड़ी जमने के कारण दोबारा से बुवाई करनी पड़ेगी। प्रशासन एवं कृषि विभाग के अधिकारी हानि का आंकलन करने में जुटे हैं।
जिले में पिछले दिनों बारिश ने किसानों की बेचैनी बढ़ा दी। धान उत्पादक किसानों की फसल गिरने के कारण धान खोखला होने की उम्मीद है तो बड़े इलाके में बाजरा की फसल गिर गई। फसल गिरने के साथ किसानों को दाना पतला होने की आशंका सता रही है। जानकारों की मानें बारिश के कारण तो बाजरा की बीस से 25 प्रतिशत तक पैदावार प्रभावित होगी।
मिर्च की बात करें तो जिले में 12 हजार हेक्टेयर में बोई गई फसल में सिकोड़ा रोग से किसान पहले से ही परेशान थे तो बारिश के कारण फूल गिरने से और अधिक हानि हो गई। इधर, सितंबर माह में बारिश के चलते सरसों की बुवाई पहले से ही देर से किसान कर सके और अब बुवाई करते ही बारिश हो जाने के कारण सरसों की फसल नहीं उगने से किसानों को दोबारा से बुवाई करनी पड़ेगी। बारिश के कारण किसानों की मेहनत बेकार हो गई। आलू की फसल बोने वाले किसानों को दोबारा से खेतों को तैयार कराना पड़ेगा। किसान दिनरात मेहनत कर फसलों की बुवाई करने में जुटा है।
बोले किसान.....
-जिला प्रशासन भले ही बारिश से फसलों में कम नुकसान बताए लेकिन बारिश से बाजरा की फसल गिर गई है। इससे काफी हानि हुई। धान का भी 35 प्रतिशत तक उत्पादन प्रभावित होगा। सरसों की बोई फसल नहीं उगने के साथ सौ प्रतिशत हानि है।
राजवीर सिंह खेरिया जारखी टूंडला।
-बारिश के कारण बाजरा के साथ-साथ उड़द एवं सरसों की फसल को हानि हुई है। जिला प्रशासन को किसानों की बर्बाद फसलों का आंकलन कर सहायता राशि दिलानी चाहिए।
पुरुषोत्तम सिंह जैंदामई मटसेना
-बारिश के कारण फसलें प्रभावित हुई हैं लेकिन हमें तो दुकानदार ने बाजरा का ऐसा बीज दे दिया जिसमें दाना ही नहीं पड़ा। हम तो वैसे ही परेशान थे लेकिन अब शेष फसलों को बारिश ने प्रभावित किया है।
उदयवीर सिंह खेरिया जारखी टूंडला।
33 प्रतिशत से अधिक हानि पर तहसील भेजती है रिपोर्ट
फिरोजाबाद। बारिश एवं ओलावृष्टि में 33 प्रतिशत से अधिक फसलों में हानि होने पर लेखपाल एवं तहसील की टीम द्वारा जिले पर रिपोर्ट भेजी जाती है। इसी स्थिति में जिला प्रशासन के द्वारा शासन से सहायता राशि के लिए धनराशि की डिमांड की जाती है।
-बारिश से धान,बाजरा के साथ मिर्च की फसल 25 से 30 प्रतिशत तक प्रभावित हुई है। क्षेत्रीय कर्मचारियों की सर्वे रिपोर्ट अभी तक नहीं आई है। सर्वे रिपोर्ट आने के बाद उसी के अनुरूप कार्रवाई की जाएगी।
हंसराज उप निदेशक कृषि फिरोजाबाद।
-जिले के सभी एसडीएम को बारिश से नुकसान का आंकलन कर रिपोर्ट भेजने के निर्देश दिए हैं। हालांकि अभी किसी तहसील की रिपोर्ट नहीं आई है। रिपोर्ट आने पर कार्रवाई की जाएगी।
अभिषेक कुमार सिंह एडीएम फिरोजाबाद।