आगरा के नुनिहाई स्थित अतुल ग्रुप की फैक्टरी में शनिवार सुबह 10:30 बजे कार्बन डाई ऑक्साइड (सीओ-2) का सिलिंडर फटने से एक मजदूर रूपेश यादव की मौत हो गई। उसके शरीर के चिथड़े उड़ गए। दो मजदूर इरफान और हर्ष घायल हैं। धमाके से अन्य मजदूर दहल गए। वे दूर भाग खड़े हुए। घटना की जानकारी पर पुलिस पहुंची। फॉरेंसिक टीम ने जांच की। उधर, मृतक मजदूर के परिजनों ने लापरवाही से हादसे का आरोप लगाते हुए हंगामा किया। परिजनों को समझाकर पुलिस साढ़े तीन घंटे बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज सकी।
फैक्टरी कर्मियों ने पुलिस की पूछताछ में बताया कि सुबह ही कार्बन डाई ऑक्साइड के सिलिंडर लेकर मेटाडोर आई थी। सिलिंडर को मजदूर उतार रहे थे। मेटाडोर के बराबर से मजदूर सिलिका सैंड को बाल्टियों में भर रहे थे। तभी सिलिंडर फटने से जोरदार धमाका हुआ। अफरातफरी मच गई। सिलिंडर के टुकड़े दूर-दूर जा गिरे। हादसे में एक मजदूर की मौत हो गई। उसकी पहचान खंदौली के गांव बांस बादाम निवासी 28 वर्षीय रूपेश यादव के रूप में हुई। वहीं इरफान और हर्ष घायल हुए। उन्हें नजदीक के अस्पताल में भर्ती कराया गया।
सूचना पर बड़ी संख्या में परिजन आ गए। उन्होंने हंगामा शुरू कर दिया। फैक्टरी को घेरकर कार्रवाई की मांग करने लगे। सूचना पर एसपी सिटी विकास कुमार फोर्स के साथ पहुंचे। उन्होंने परिवार के लोगों को समझाया। दोपहर दो बजे वो माने। इसके बाद ही शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा जा सका। सीओ का कहना है कि परिजनों की ओर से तहरीर दी गई है। इसमें लापरवाही से हादसे का आरोप लगाया गया है। उन्होंने कहा कि फैक्टरी में सुरक्षा के इंतजाम नहीं थे। जांच की जा रही है। इसके बाद ही कोई कार्रवाई की जाएगी।