बेवर। कस्बा के एक सीमेंट व्यापारी ऑनलाइन ठगी का शिकार हो गए। साइबर ठग ने खाते से 2.90 लाख रुपये पार कर दिए। पीड़ित व्यापारी ने थाने में तहरीर देकर कार्रवाई किए जाने की मांग की है।
कस्बा निवासी राजीव कुमार गुप्ता सीमेंट के थोक व्यापारी हैं। उन्होंने बताया कि 25 दिसंबर को उनके मोबाइल पर एक फोन आया। फोन करने वाले ने सीमेंट खरीद आदि को लेकर उनसे बातचीत की।
इस दौरान उन्हें बातों में लेकर एटीएम कार्ड का गोपनीय नंबर भी पूछ लिया। इसके कुछ देर बाद ही उनके खाते से 2.90 लाख रुपये निकाल लिए गए। मोबाइल पर मैसेज आने के बाद उन्हें जानकारी हो सकी।
खाते से रुपये निकाले जाने की जानकारी उन्होंने बैंक अधिकारियों को दी। वहीं थाने में तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज किए जाने की मांग की है। तहरीर मिलने के बाद पुलिस ने जांच शुरू कर दी है।