मैनपुरी। सर्दियों में हार्ट और सांस के मरीजों की दिक्कतें बढ़ चली हैं। पिछले 24 घंटे में जिला अस्पताल में भर्ती दो मरीजों सहित जिले में पांच मरीजों की मौत हो गई। तीन मरीजों की मौत हार्ट अटैक से हुई। वहीं दो मरीजों को शुगर की दिक्कत थी। जिला अस्पताल में उपचार की उचित व्यवस्थाएं न होने के कारण तीन मरीजों को गंभीर हालत में मेडिकल कॉलेज सैफई के लिए रेफर किया गया है।
वृद्धाश्रम निवासी 68 वर्षीय रघुवीर सिंह को पिछले कुछ दिनों से शुगर स्तर बढ़ गया था और सांस लेने में दिक्कत हो रही थी। उन्हें आश्रम के लोगों ने जिला अस्पताल में भर्ती कराया था। जिला अस्पताल में उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई। करहल रोड निवासी 80 वर्षीय रामस्वरूप को उच्च रक्तचाप के चलते शनिवार को जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां उपचार के दौरान शनिवार की रात उनकी मौत हो गई।
ज्योंती रोड निवासी 45 वर्षीय मानवेंद्र सिंह को रविवार को अचानक हार्ट अटैक पड़ा। परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। पावर हाउस रोड निवासी 60 वर्षीय कामता प्रसाद को शनिवार की रात अचानक सीने में तेज दर्द उठा परिजन उन्हें लेकर जिला अस्पतल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया।
बेवर निवासी मुन्ना सिंह चौहान की 65 वर्षीय पत्नी मुन्नी चौहान का रविवार की दोपहर अचानक शुगर लेवल बढ़ गया। परिजन उन्हें गंभीर हालत में लेकर जिला अस्पताल पहुंचे यहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। सीएमएस डॉ. अरविंद कुमार गर्ग ने मरीजों की मौतों के संबंध में जानकारी न होने की बात कही।