आगरा। शराब पीने से मृत योगेश का फाइल फोटो
- फोटो : Agra Dehat
शमसाबाद। शराब पीने से बुधवार को थाना शमसाबाद के ग्राम बांगुरी में युवक योगेश (30) की मौत हो गई। युवक ने दो दिन पहले शराब पी थी। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि योगेश ने सोमवार को दोस्त के साथ शराब पी थी। कुछ देर बाद ही उसकी तबियत बिगड़ गई। इस पर परिजनों ने आगरा के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया था। जहां इलाज के दौरान उसकी मौत हो गई। सूचना पर पहुंची थाना पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा।
थानाध्यक्ष आनंदवीर ने बताया है कि परिजनों का आरोप है कि शराब पीने से युवक की मौत हुई है पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने पर ही सही जानकारी हो सकेगी। अभी तहरीर भी नहीं आयी है। तहरीर आने पर मुकदमा दर्ज कर कार्रवाई की जाएगी।
वहीं ग्रामीणों का आरोप है कि ठेका बंद होने के बाद भी गांवों में अवैध रूप से शराब बेची जा रही है। क्षेत्र में जहरीली शराब की वजह से आठ मौतें हो चुकी हैं। जिसमें गढ़ी जहान सिंह में दो सगे भाइयों सहित तीन, महरमपुर में दो, चितौरा में दो और बागुंरी में एक व्यक्ति की जान गई है।