आगरा में एत्माद्दौला के नगला किशन लाल में डेढ़ साल का शिवम जिस बाल्टी में गिरा था, उसमें साबुन मिला है। इससे आशंका है कि वह बिस्किट खाते समय साबुन से खेलने लगा होगा। साबुन बाल्टी के पानी में गिर गया। साबुन को निकालने के चक्कर में शिवम ने हाथ डाला होगा और सिर के बल पानी में गिर गया। उसको बाहर निकलने का मौका नहीं मिला। पानी में मुंह होने की वजह से उसकी मौत हो गई। पुलिस हादसे की यही वजह मान रही है।
नगला किशनलाल निवासी सनी उर्फ सुनील ने बताया कि बहन मोनिका छत पर पानी रख रही थी। भांजा शिवम भी खेल रहा था। उन्हें नहीं पता था कि शिवम साबुन से खेलने लगेगा। मोनिका पानी नीचे से दूसरी बाल्टी में पानी लेकर पहुंची तो हादसा हो चुका था।
थाना एत्माद्दौला की फाउंड्री नगर चौकी के प्रभारी वीरेंद्र कुमार ने बताया कि शिवम पानी में सिर के बल गिर गया था। इससे मौत हो गई। पानी में साबुन गिरने की आशंका है। परिजनों ने भी यही बताया कि बच्चा साबुन से खेल रहा था। उसे निकालने के चक्कर में बाल्टी में सिर चला गया।
मां बोली, काश छत पर ही रहती
घटना के बाद मां मोनिका का बुरा हाल था। वह एक ही बात कह रही थी कि काश वह छत पर ही बैठी रहती। उसे नहीं पता था कि बेटा इस तरह से मौत के आगोश में चला जाएगा। मां को परिवार के लोग किसी तरह संभाल रहे थे।
पोस्टमार्टम कराने से किया इंकार
शिवम की मौत की जानकारी पर पिता प्रहलाद आ गया। उन्होंने ससुरालियों पर हत्या का आरोप लगाया। कहा कि बेटे की मौत की सूचना पड़ोसी से मिली। बेटे की हत्या की गई है। उसने पुलिस को सूचना दे दी। काफी हंगामा भी कर दिया लेकिन पुलिस से शव का पोस्टमार्टम कराने से इंकार कर दिया।
आगरा में हादसे ने छीनी परिवार की मुस्कान: पानी से भरी बाल्टी में गिरने से डेढ़ साल के मासूम की मौत