कासगंज। जिले में निकाय चुनाव की तैयारियां जोरों पर हैं। आज जिलाधिकारी हर्षिता माथुर द्वितीय चरण के तहत होने वाले निकाय चुनाव के लिए अधिसूचना जारी करेंगी। इसके बाद 17 अप्रैल को निर्वाचन अधिकारी सार्वजनिक सूचना जारी करेंगे। इसी के साथ ही नामांकन प्रक्रिया शुरू हो जाएगी।
जिलाधिकारी हर्षिता माथुर ने बताया कि 17 से 24 अप्रैल तक पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे तक नाम निर्देशन पत्रों का क्रय व उन्हें भर कर जमा करने का कार्य होगा। नामांकन पत्रों की जांच 25 अप्रैल को पूर्वाह्न 11 बजे से कार्य समाप्ति तक की जाएगी। नाम वापसी का 27 अप्रैल को पूर्वान्ह 11 बजे से अपरान्ह 3 बजे के बीच होगा। इसीक्रम में 28 अप्रैल को चुनाव चिन्ह्न का आवंटन किया जाएगा। मतदान 11 मई को सुबह 7 बजे से अपराह्न 6 बजे तक तथा मतगणना 13 मई को सुबह 8 बजे से शुरू होगी। जिले में 3 नामांकन स्थल बनाए गए हैं। नामांकन स्थल श्रीगणेश इंटर कालेज कासगंज में नगर पालिका परिषद कासगंज, नगर पालिका परिषद सोरों एवं नगर पंचायत बिलराम के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। नामांकन स्थल भागवत राष्ट्रीय इंटर कालेज पटियाली में नगर पालिका परिषद गंजडुंडवारा, नगर पंचायत पटियाली, मोहनपुर, सिढ़पुरा एवं नगर पंचायत भरगैन के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी। जबकि नामांकन स्थल तहसील मुख्यालय सहावर में नगर पंचायत अमांपुर एवं सहावर के प्रत्याशियों की नामांकन प्रक्रिया संपन्न कराई जाएगी।