24 घंटे तक चले आयकर सर्वे में जूता निर्यातक फर्म रोजर एक्सपोर्ट और मुंशी पन्ना मसाले ने 7.65 करोड़ रुपये की अघोषित आय सरेंडर कर दी। रोजर एक्सपोर्ट ने रात में ही 5.10 करोड़ रुपये की आय तो मुंशी पन्ना मसाले ने शनिवार सुबह 2.55 करोड़ रुपये की अघोषित आय का खुलासा किया। आयकर विभाग को इस सर्वे से करीब 2.50 करोड़ रुपये से ज्यादा का टैक्स मिलेगा।
प्रधान आयकर आयुक्त अनुराधा मिश्रा के निर्देशन में संयुक्त आयकर आयुक्त रेंज-4 वेलू सिन्हा के नेतृत्व में शुक्रवार को दो इकाईयों पर किया गया सर्वे शनिवार को पूरा हुआ। मुंशी पन्ना मसाला कंपनी के कागजातों की जांच अभी बाकी है। दिवाली से पहले आयकर विभाग की कार्रवाई से कारोबारियों में हड़कंप मचा हुआ है। शनिवार को सराफा, फुटवियर और रियल एस्टेट से जुड़े कारोबारियों के माथे पर चिंता की लकीरें पड़ी रहीं।
सर्वे में डिप्टी कमिश्नर अमित शुक्ला, असिस्टेंट कमिश्नर राधारानी शर्मा, आईटीओ राजीव प्रसाद, शैलेंद्र कुमार, आरके त्रिपाठी, हरिबाबू वर्मा, आयकर निरीक्षक अंबरीश कौशिक, दिलीप गुप्ता, राजेश सिंह, सोबरन सिंह आदि मौजूद रहे।