मथुरा गोवर्धन में पांच दिवसीय राजकीय मुड़िया पूर्णिमा मेला शुक्रवार से शुरू हो गया। हालांकि 10 जुलाई एकादशी से भक्तों की भीड़ मेले में उमड़ेगी। यह मेला 14 जुलाई तक चलेगा। बृहस्पतिवार की सायं पीडब्ल्यूडी गेस्ट हाउस में डीएम व एसएसपी ने मेले में होने वाले विकास कार्यों की समीक्षा बैठक लेकर अधूरे पड़े कार्यों को 12 घंटे में पूरे करने के निर्देश विद्युत निगम, जल निगम व पीडब्ल्यूडी अधिकारियों को दिए। वहीं मानसी गंगा गिरिराज मुकुट मुखारबिंद मंदिर को भव्य तरीके से सजाया गया है। मंदिर में नयनाभिराम रोशनी की गई है।
प्रशासनिक व्यवस्थाओं के अनुसार मुड़िया मेला आधी-अधूरी व्यवस्थाओं के बीच आज से शुरू हो जाएगा। पुलिस एवं मजिस्ट्रेट की ड्यूटी भी शुरू हो गई है लेकिन श्रद्धालुओं की भीड़ 10 जुलाई एकादशी से उमड़ने की उम्मीद है।
एसएसपी अभिषेक यादव ने मुड़िया पूर्णिमा मेला में आने वाले श्रद्धालुओं की सुविधा के लिए पुलिस/प्रशासन के कंट्रोल रूम की स्थापना की है जोकि 24 घंटे कार्यरत रहेगा। श्रद्धालुओं को किसी भी प्रकार की सहायता के लिए कंट्रोल रूम के नंबर 0565- 2972016, 0565-2972015, 0565-2972013, 9454457987 जारी किए हैं। इन पर श्रद्धालु संपर्क करके सहायता ले सकता है। एसएसपी ने बताया कि परिक्रमार्थियों को कोई परेशानी नहीं होने दी जाएगी। इसके लिए सुरक्षाकर्मी सजग और सतर्क रहते हुए परिक्रमार्थियों की मदद भी करें।