मथुरा जिले के महावन क्षेत्र में गुरुवार को चलती कार में अचानक आग लग गई। आनन-फानन चालक ने किसी तरह से कार रोकी और कूदकर अपनी जान बचाई। सूचना पर पहुंची पुलिस और दमकल की टीम ने आग पर काबू पाया। गनीमत रही कि कोई बड़ा हादसा नहीं हुआ।
घटना थाना महावन क्षेत्र के गांव बहादुरपुर के समीप की है। गांव पचावर निवासी प्रेमवीर गाड़ी से गांव पचावर से मांट ब्रांच गंग नहर की पटरी से होकर मथुरा जा रहा था। बहादुरपुर गांव के समीप गाड़ी के बोनट से धुआं उठने लगा। प्रेमवीर कुछ समझ पाता, उससे पहले आग ने विकराल रूप धारण कर लिया।
गाड़ी धूं-धूं कर जलने लगी। प्रेमवीर ने कार रोकी और कूद कर जान बचाई। आग की सूचना पर फायरब्रिगेड की गाड़ी ने पहुंच कर आग बुझाई। सूचना मिलते ही खानपुर चौकी प्रभारी सुधीर राठी मौके पर पहुंच गए। कार में आग लगने के कारण शॉर्ट सर्किट बताया गया है।