मथुरा में पुलिस का शर्मनाक चेहरा सामने आया है। यहां एक बेटी का पिता थाने से चौकी तक भटकता रहा। पुलिस वालों के सामने खूब रोया-गिड़गिड़ाया। बेटी को ढूंढने की गुहार लगाता रहा, लेकिन पुलिस वालों को जरा भी तरस नहीं आया।
पुलिस ने उसे 48 घंटे बाद आने की कहकर थाने से भगा दिया और कहा कि लड़की बड़ी है। किसी के साथ चली गई होगी। लौट आएगी। लेकिन मंगलवार को जब उसका शव मिला तो वर्दी वाले बचने का रास्ता ढूंढते नजर आए।
हाईस्कूल में 72 फीसदी और इंटर में 70 फीसदी अंक हासिल करने वाली अंजु ने इस साल बीएससी प्रथम वर्ष की परीक्षा दी थी। वो पुलिस अधिकारी बनने का ख्वाब देख रही थी। पिता श्रीचंद को भी बेटी पर बड़ा नाज था।
गश खाकर गिरा पिता
प्रदर्शन करते परिजन
- फोटो : अमर उजाला
पिता ने पोस्टमार्टम हाउस पहुंच कर अपनी बेटी का शव देखा तो गश खाकर गिर पड़ा। किसी तरह लोगों ने संभाला। श्रीचंद की अंजू सबसे लाड़ली बिटिया थी। वो फलों की दुकान करते हैं।
श्रीचंद ने बताया कि अंजु केआर डिग्री कालेज से बीएससी कर रही थी। हर वक्त अपनी पढ़ाई में लगी रहती थी। रविवार को साढ़े ग्यारह बजे घर से एक किताब लेने के लिए निकली थी, लेकिन फिर नहीं लौटी।
पुलिस ने थाने से भगाया
परिजनों ने रोड जाम किया
- फोटो : अमर उजाला
वे लोग डीग गेट चौकी पर पहुंचे। वहां दरोगा को सारी बात बताई। दरोगा ने कह दिया कि गोविंदनगर थाने चले जाओ। थाने पहुंचे तो वहां कह दिया गया कि 48 घंटे इंतजार करो। लड़की बड़ी है किसी के साथ गई होगी। लौट आएगी।
पीड़ित श्रीचंद के मुताबिक वो बार बार कहता रहा कि उसकी लड़की ऐसी नहीं है। वो कभी अकेले घर से बाहर नहीं जाती, लेकिन पुलिस वालों ने इंतजार करने को कहकर वहां से भगा दिया।
अंजु के सिर के बाले काटे गए हैं। चेहरा भी जगह-जगह से नोंचा गया है। लेकिन उसके कपड़े कहीं अस्तव्यस्त नहीं थे। उसने जींस और टी शर्ट पहन रखी थी।