आगरा के सिकंदरा थाना क्षेत्र में बदमाशों ने फ्लिपकार्ट कंपनी के जूते लेकर जा रहे लोड़िंग ऑटो को लूट लिया। चालक के हाथ पैर बांधकर बंधक बनाकर कार में डाल लिया। घटना के दो दिन बाद आरबीएस कॉलेज के पास ऑटो खड़ा मिल गया, मगर माल गायब था। शिकायत पर पुलिस लूट का मुकदमा दर्ज कर सीसीटीवी कैमरों की फुटेज से बदमाशों की पहचान में लगी है।
थाना एत्मादपुर क्षेत्र के गांव रहन खुर्द धौर्रा निवासी राहुल ने केस दर्ज कराया है। उन्होंने पुलिस को बताया कि वह लोड़िंग ऑटो (छोटा हाथी) चलाता है। 4 मार्च को शहीद नगर से जूते गाड़ी में लेकर लखनपुर स्थित फ्लिपकार्ट के गोदाम पर जाना था। रात 11 बजे वहां लाखों का माल लेकर निकले थे। रास्ते में 12:10 बजे सुनारी मोड़ के पास कार अचानक उनके ऑटो के सामने आकर रुक गई। उन्होंने भी अपने ऑटो को रोक दिया। कार से दो युवक निकलकर बाहर आए और उन्हें बाहर खींच लिया।
हाथ से मोबाइल छीनकर उन्हें कार में डाल दिया। हाथ-पैर बांधने के बाद आंखों पर पट्टी बांध दी। इधर-उधर घुमाने के बाद उन्हें सदर क्षेत्र में फेंक दिया। वहां से मुक्त होकर आए तो एक परिचित ने आरबीएस कॉलेज के पास ऑटो खड़े होने के बारे में जानकारी दी। मौके पर जाकर देखा तो माल गायब था। सिकंदरा थाना प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर लिया गया है। साक्ष्य संकलन कर कार्रवाई की जाएगी।
बाइक सवार ने लूटा पर्स और मोबाइल
हरीपर्वत थाना क्षेत्र में 23 फरवरी की रात बाइक सवार लिफ्ट देने के बहाने एक युवक से चाकू दिखाकर मोबाइल और पर्स लूट ले गया था। हरीपर्वत पुलिस ने 11 दिन बाद मुकदमा दर्ज किया है।
सुल्तानगंज निवासी लक्ष्मण सिंह चौहान ने पुलिस को बताया कि 23 फरवरी की रात करीब साढ़े बारह बजे वह गुरुद्वारा गुरु के ताल पर ऑटो के इंतजार में खड़े थे। इस दौरान एक बाइक सवार आया। उनसे लिफ्ट देने को कहा। बोला कि आगे जा रहा हूं छोड़ दूंगा। वह उसकी बाइक पर बैठ गए। थोड़ा आगे अंधेरा आते ही आरोपी ने बाइक रोक ली। चाकू से डराकर मोबाइल और पर्स लूटकर ले गया।