मैनपुरी। खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन की टीम ने मंगलवार को बेवर में निरीक्षण किया। इस दौरान लाइसेंस निलंबित होने के बाद भी मेडिकल स्टोर संचालित मिला। औषधि निरीक्षक ने संचालक को नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्त करने की संस्तुति की है। दो अन्य मेडिकल स्टोर संचालकों को भी नोटिस जारी किया गया है।
औषधि निरीक्षक उर्मिला अग्रवाल और खाद्य सुरक्षा अधिकारी डीके वर्मा ने आइरा मेडिकल स्टोर मोहल्ला काजीटोला का निरीक्षण किया। पूर्व में मेडिकल का लाइसेंस फार्मासिस्ट न होने के चलते निलंबित किया जा चुका है। इसके बाद भी दवाओं की बिक्री की जा रही थी। इस पर नोटिस जारी कर लाइसेंस निरस्त करने के लिए औषधि अनुज्ञापन प्राधिकारी आगरा को संस्तुति भेजी है। टीम को शिजा मेडिकल स्टोर पर दवाओं की खरीद और विक्रय के बिल नहीं मिले। औषधि निरीक्षक ने एक सप्ताह में बिल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए हैं। टीम जीटी रोड स्थित गुरुजी मेडिकल स्टोर पर पहुंची, यहां संचालक मेडिकल स्टोर बंद कर चला गया। मेडिकल स्टोर के बाहर नोटिस चस्पा कर टीम ने दवाओं के विक्रय पर रोक लगा दी है।