कोसीकलां (मथुरा)। ब्रज विदेही चतु:संप्रदाय के महंत स्वामी संत रास बिहारीदास काठिया बाबा के निर्देशन में यहां पहुंचीं ब्रज चौरासी कोस यात्रा प्रत्येक पड़ाव को दैवी अनुभूति से सींच रही है। यात्रा के रविवार को यहां पहुंचने पर पूरा नगर कृष्णमय हो उठा। अध्यात्म एवं संस्कृति विरासत का संदेश लेकर पहुंची यात्रा के नगर में शाम को निकाली गई शोभायात्रा में पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया। साधु सेवा करने को श्रद्धालुओं का जनसैलाब उमड़ पड़ा।
ब्रज यात्रा के दो दिवसीय पड़ाव के पहले दिन रविवार को शाम चार बजे साधुओं की भव्य शोभायात्रा निकाली गई। प्रमुख मार्गों से गुजरती हुई गयालाल स्मृति भवन पहुंची। अनेक साधु बैंडबाजों की मधुर धुनों के आगे नाचते-गाते चल रहे थे। यात्रा में साधु अपनी कलाबाजी का प्रदर्शन कर सभी को मोह रहे थे। रास्ते में पुष्प वर्षा कर स्वागत किया गया। यात्रा के यहां पहुंचने पर छप्पन भोग एवं भंडारे का आयोजन किया गया, जहां साधुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।
यात्रा के साथ पूर्व पालिकाध्यक्ष भगवत रूहेला, ओमप्रकाश बंसल, द्वारिका शर्मा, ब्रजबिहारी आढ़ती, नीरज अग्रवाल, चंद्रप्रकाश अग्रवाल, सुभाष बांसईया, अवधेश गुप्ता, सुभाष गोयल, हरिओम गुप्ता, धर्मवीर अग्रवाल, शशिभूषण तिवारी, भानुप्रताप सिंह, योगेश खंडेलवाल, राहुल कामियां, संजय पटवारी, जितेंद्र अग्रवाल एडवोकेट, बलवंत सिंह आदि जय-जयकार करते चल रहे थे।
सेवा के लिए उमड़े लोग
यात्रा के पड़ाव स्थल रामलीला मैदान पर तो श्रद्धालुओं में साधु सेवा करने के लिए जनसैलाब उमड़ रहा था। श्रद्धालु साधुओं को सेब, केला, चाय, चना, दूध, पानी की थैली, चंदन पुस्तकों का वितरण करने की होड़ लगी हुई थी।
यात्रा के कोसी पड़ाव पर पूरा नगर राधे-राधे के जयकारों से गुंजायमान हो उठा। हर ओर साधु ही साधु नजर आ रहे थे। वहीं मैन बाजार में कडी-चावल का वितरण राजकुमार, अतुल बंसल, मुकेश जैन, दिनेश चूडी वाले, सचिन जैन, अनिल जैन, राधारमन आदि ने किया।