प्राचीन केशवदेव मंदिर में बधाई लुटाई
प्राचीन ठाकुर केशवदेव मंदिर में राधा जन्म उत्सव बड़ी धूमधाम से मनाया गया। अभिषेक के साथ धूमधाम के साथ बधाई गीत गाए गए। इस दौरान दर्शन के लिए भक्तों की भीड़ लगी रही। मंगलवार को प्रात:काल राधारानी का 101 मेवा युक्त दूध, दही, शहद, घी, बुरा आदि से सेवायत शंकर लाल गोस्वामी द्वारा मंत्र उच्चारण के बीच पंचामृत अभिषेक हुआ। ठाकुरजी के साथ राधारानी की आरती की गई।
खुशी के इस पल पर भक्तों को हलवा प्रसाद वितरण किया। इस दौरान लाडली के जन्म की खुशी में बधाई गायन किया गया। इससे पूर्व कृष्ण गोपाल द्वारा गणेश वंदना राधाअष्टक में बधाई गायन किया। श्रीकृष्ण सामूहिक संकीर्तन मंडल के सदस्यों के साथ महिला भक्तों ने भी बधाई गाई। राधारानी जन्म के उपलक्ष्य में बधाई लुटाई गई।
महावन में भगवान श्रीकृष्ण की अल्हादिनी शक्ति राधारानी का जन्मोत्सव धूमधाम से गांव रावल में मनाया गया। पूरे गांव में खुशी का जश्न रहा। आसपास के गांवों से भारी संख्या में भक्त राधारानी के दर्शनों को पहुंचे। इस दौरान रानी कीरति के घर रावल में बजी री बधाई आदि बधाई गायन हुआ।