वृंदावन (मथुरा)। श्री अग्रवाल सभा की बैठक अग्रवाल धर्मशाला में संपन्न हुई। इसमें आगामी अग्रसेन जयंती 2021 में होने वाले सभी कार्यक्रमों की रूपरेखा तय की गई।
मुख्य जयंती संयोजक जितेंद्र सराफ एवं सह संयोजक विपिन चूना वालों ने बताया कि इस वर्ष जयंती महोत्सव 6 से 10 अक्तूबर तक मनाया जाएगा। इसके अंतर्गत 6 को कलश यात्रा कोलकाता वाले मंदिर से प्रारंभ होकर अग्रवाल धर्मशाला पर समाप्त होगी। 7 को प्रात: सत्यनारायण की कथा पुष्पांजलि एवं ध्वजारोहण तथा बुद्धजन सम्मान होगा। इसके बाद प्रात: 11 बजे कुल देवी महारानी लक्ष्मी देवी एवं महाराजा अग्रसेन जी की मूर्ति का अनावरण अग्ररत्न डॉ. राम किशोर अग्रवाल द्वारा संपन्न होगा।
शाम 4 बजे महाराजा अग्रसेन जी का फूलबंगला एवं आरती सेवा होगी। 8 को समाज की महिला एवं बच्चों के कार्यक्रम होंगे। 9 अक्तूबर को नर नारायण सेवा एवं रक्तदान शिविर का आयोजन होगा। 10 अक्तूबर को हास्य कवि सम्मेलन रात्रि 8 बजे से वृंदावन गार्डन में होगा। सभापति मुरलीधर अग्रवाल ने कहा कि सभी कार्यक्रम कोविड-19 की गाइडलाइन के अनुसार होंगे।
बैठक में उपसभापति नीरज अग्रवाल, मीडिया प्रभारी प्रदीप सराफ, अजय मूर्ति वाले, विष्णु गोयल, राम डेरा वाले, गिरधारी, अनिल बंसल, योगेश अग्रवाल, दीपक अग्रवाल, गोपाल अग्रवाल, सुरेश अग्रवाल, लक्ष्मी नारायण, गिरधारी, शुभम अग्रवाल थे।