अपर मुख्य सचिव ने किया मलिन बस्ती का निरीक्षण
- फोटो : अमर उजाला
अपर मुख्य सचिव एवं नोडल अधिकारी हेमंत राव शनिवार को आगरा पहुंचे। उन्होंने शहर में डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर की रोकथाम के लिए व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा बैठक की। इसके बाद डीएम के साथ शहर की मलिन बस्तियों का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने आरटीओ का भी निरीक्षण किया।
नोडल अधिकारी हेमंत राव ने सबसे पहले सर्किट हाउस में डीएम प्रभु नारायण सिंह, नगर आयुक्त निखिल टी. फुंडे, सीडीओ ए मनिकन्डन, सीएमओ अरुण कुमार और जलकल अधिकारियों के साथ बैठक की। उन्होंने डेंगू, मलेरिया और वायरल फीवर की रोकथाम के लिए तैयारियों की जानकारी ली और जरूरी निर्देश दिए।
बैठक के बाद अपर मुख्य सचिव ने डीएम के साथ ताजगंज की मलिन बस्ती में जाकर साफ-सफाई और अन्य व्यवस्थाओं का निरीक्षण किया। इसके बाद वह आरटीओ पहुंचे। उन्होंने 25 मिनट तक कार्यालय में ड्राइविंग लाइसेंस पटल, परमिट, रजिस्ट्रेशन, टैक्स पटल का जायजा लिया।
उन्होंने टेस्ट दे रहे आवेदकों से पूछा कि कोई पैसा तो नहीं लिया गया। इसके बाद लाइन में खड़े लोगों से उनके नाम और यहां किस काम से आए हैं। इसके बाद ताज के स्थायी लाइसेंस निर्गत करने की बाबत जानकारी ली। डीएम ने निर्देश दिए कि अब कोई पास उनकी अनुमति के बिना निर्गत नहीं होगा।