परिक्रमा मार्ग स्थित श्रीबांकेबिहारी मंदिर के वीआईपी मार्ग के सामने पार्किंग में खड़े वाहन।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। रक्षाबंधन के पर्व पर ठाकुर श्रीबांकेबिहारी मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर में भीड़ को देखते हुए मंदिर प्रबंधन को भी खासी मशक्कत करनी पड़ी।
सुबह दर्शन खुलते ही मंदिर में भक्तों की भीड़ उमड़ पड़ी। मंदिर प्रांगण बांके बिहारी के जयकारों से गुंजायमान हो रहा था। श्रावणी पूर्णिमा के अवसर पर भक्तों ने अपने आराध्य के दर्शन पाकर खुशी का ठिकाना ना रहा। निजी सुरक्षा गार्ड से लेकर पुलिसकर्मी लोगों की भीड़ का नियंत्रित करने में लगे। मंदिर के बाहर गलियों में भीड़ के कारण सोशल डिस्टेंसिंग का कहीं भी पालन होता नहीं दिखा। लोग भीड़ के साथ मंदिर में प्रवेश करते दिखे। संवाद
बाहरी वाहनों का नहीं हो सका प्रवेश
श्रावणी पूर्णिमा और रविवार को वृंदावन में बाहरी वाहनों का प्रवेश रोका गया। इसके बाद भी शहर के अंदर कई जगह जाम के से हालात हो गए। सुबह मथुरा और यमुना एक्सप्रेसवे की ओर से आए वाहनों को पुलिसकर्मी वाहनों को रोककर पागल बाबा के समीप बनी पार्किंग में खड़ा कराते हुए देखे गए। इसके साथ छटीकरा की ओर आने वाले वाहनों को रुक्मिणी विहार पार्किंग में पार्क कराया गया।