इस्कॉन मंदिर के पदाधिकारी श्रीकृष्ण जन्माष्टमी उत्सव के बारे में जानकारी देते हुए।
- फोटो : VRINDAVAN
वृंदावन (मथुरा)। वृंदावन के इस्कॉन मंदिर में बलराम जयंती और श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर विशेष आयोजन होंगे। इसके लिए मंदिर में तैयारियां पूरी कर लीं गईं हैं।
बृहस्पतिवार को इस्कॉन के जनसंपर्क निदेशक बिमल कृष्ण दास ने बताया कि इस साल 22 अगस्त को बलराम जयंती और 30 अगस्त को इस्कॉन वृंदावन में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का त्योहार बेहद खास होगा। हमेशा की तरह भगवान बलराम और भगवान कृष्ण का जन्म भक्तों द्वारा बड़े उत्साह और भक्ति के साथ मनाया जाएगा।
31 अगस्त को इस्कॉन के विश्वव्यापी अनुयायियों द्वारा एक विशेष कार्यक्रम भी मनाया जाएगा। यह आयोजन इस्कॉन के संस्थापक भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाददास की 125वीं जयंती का उत्सव है। पीआरओ रवि लोचनदास ने बताया कि भारत सरकार भक्तिवेदांत स्वामी प्रभुपाद की 125वीं जयंती को चिह्नित करने के लिए 125 भारतीय रुपये के स्मारक सिक्के का एक विशेष अंक भी तैयार करेगी। सिक्का 1 सितंबर तक तैयार होने की उम्मीद है।