मैनपुरी जिले के करहल थाना क्षेत्र में मंगलवार देर शाम किसान की सिर में गोली मारकर हत्या कर दी गई। किसान फसल की रखवाली करने के लिए सोमवार को खेत पर गया था। तभी से वो लापता था। एएसपी के नेतृत्व में पुलिस टीम हत्या के कारणों की जांच कर रही है।
थाना क्षेत्र के गांव कमलपुर निवासी बबलू उर्फ लठ्ठा दुबे (40) पुत्र श्याम नरायन दुबे का शव मंगलवार शाम करीब साढ़े आठ बजे मानिकापुर-नानामऊ गांव के बीच सुरेश धोबी के खेत में पड़ा मिला। आसपास के लोगों की सूचना पर परिजन और पुलिस मौके पर पहुंचे। युवक की हत्या सिर में गोली मारकर की गई थी।
परिजनों ने पुलिस को बताया कि बबलू ने कुछ खेत बटाई पर लिए हैं। फसलों की रखवाली के लिए रात में वह खेत पर ही सोते थे। सोमवार की शाम वह खेत पर जाने के लिए घर से निकले थे। इसके बाद से वो वापस नहीं पहुंचे। तभी से परिजन भी उनकी तलाश में जुटे थे।