मैनपुरी हॉस्टल ने बरनाहल को 10 रनों से किया पराजित
रेलवे मैदान रठेरा पर चल रही है दीपू यादव स्मृति क्रिकेट प्रतियोगिता
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। रेलवे मैदान रठेरा पर चल रही दीपू यादव स्मृति जनपदीय क्रिकेट प्रतियोगिता में शनिवार को मैनपुरी हॉस्टल और बरनाहल की टीम के बीच मुकाबला हुआ। रोमांचक मुकाबले में मैनपुरी हॉस्टल ने बरनाहल को 10 रनों से पराजित किया। हॉस्टल के मोहित कश्यप को मैन ऑफ द मैच घोषित किया गया।
बरनाहल के कप्तान ने टॉस जीतकर मैनपुरी हॉस्टल को पहले बल्लेबाजी के लिए आमंत्रित किया। मैनपुरी हॉस्टल ने पहले खेलते हुए निर्धारित 20 ओवर के मैच में 19 ओवर खेलते हुए 127 रन का स्कोर खड़ा किया। टीम की तरफ से पियूष पाल ने 24, लकी सिंह ने 22, मोहित कश्यप ने 21 और अभिनव कुमार ने 15 रन का योगदान दिया। बरनाहल के गेंदबाज अमरदीप ने तीन, हनी यादव ने दो, विपुल, विजय पचौरी और रिषभ ने एक-एक विकेट प्राप्त किया।
लक्ष्य का पीछा करने उतरी बरनाहल की टीम मैनपुरी हॉस्टल की कसी हुई गेंदबाजी के चलते निर्धारित 20 ओवर में नौ विकेट खोकर 117 रन ही बना सकी। टीम की तरफ से अमरदीप ने 22, हनी यादव ने 17 और शिवांशु ने 10 रन का योगदान दिया। मैनपुरी हॉस्टल के गेंदबाज मोहित कश्यप, हैदरअली और अंगेश यादव ने दो-दो विकेट प्राप्त किए। गौतम यादव और सोनू फौजी ने अंपायर की भूमिका निभाई। ऑनलाइन स्कोरिंग विपिन यादव ने और ऑफ लाइन स्कोरिंग निर्मल यादव ने की। गोविंद यादव और अलकेश यादव ने आंखों देखा हाल सुनाया।