बंद पड़ा है लाइट एंड साउंड शो
आगरा किला की बाहरी दीवारों को तो जगमगाने की तैयारी है लेकिन किले का लाइट एंड साउंड शो बंद चल रहा है। दो साल से शो के बंद होने के कारण पर्यटन उद्यमी अब इसे अपग्रेड कर चालू कराने की मांग कर रहे हैं।
आगरा किला का हिंदी और अंग्रेजी में चलने वाला शो हर दिन फुल रहता था और वीक एंड या त्योहारों की छुट्टियों पर अतिरिक्त कुर्सियां लगानी पड़ती थीं। होटल एसोसिएशन अध्यक्ष राकेश चौहान ने एडीए उपाध्यक्ष से मांग की है कि बाहरी दीवारों को जगमगाने के साथ लाइट एंड साउंड शो भी शुरू किया जाए।
21, 23, 24 को कर पाएंगे ताज नाइट व्यू
कोरोना संक्रमण की पहली लहर के बाद से बंद चल रहा ताजमहल का नाइट व्यू फिर से शुरू करने के लिए जिला प्रशासन ने अनुमति दे दी है। डीएम प्रभु एन सिंह ने बताया कि कोरोना प्रोटोकॉल के पालन के साथ पर्यटन हित में ताजमहल का रात्रि दर्शन किया जा सकेगा।
21, 23 और 24 अगस्त को ताजमहल का रात्रि दर्शन होगा, जिसके लिए तीन स्लॉट रात 8.30 से 9 बजे, 9 से 9.30 बजे और रात 9.30 से 10 बजे के बीच खुले रहेंगे। रात्रि दर्शन की टिकट व्यवस्था पहले की तरह ऑन लाइन और एक दिन पहले बुकिंग की जा सकेगी।