कासगंज। सराफा बाजार में करवाचौथ की रौनक खूब बिखर रही है। सोने और चांदी की महंगाई का असर भी बाजार पर साफ दिख रहा है। सोने का रिकॉर्ड भाव होने के कारण हल्के वजन के आभूषण मांग में हैं, वहीं चांदी में उछाल के बाद भी ज्यादा वजन वाली पायलें, बिछिया पसंद आ रही हैं। महिलाओं के लिए ज्वैलरी कंपनियों ने बेहद हल्के सोने के मंगलसूत्र, कुंडल, अंगूठी की पूरी रेंज पेश की है ताकि वह उनके बजट में आ सके।
करवाचौथ पर्व के नजदीक आते ही सराफा बाजार में चमक आ गई है। सोने-चांदी की कीमतों में तेजी के बाद भी खरीदारी को महिलाओं में उत्साह है। महिलाएं खरीदारी के लिए सराफा कारोबारियों के यहां पहुंच रही हैं। महंगाई के चलते इस बार आभूषणों का वजन कम हो गया है।
बाजार में चांदी की पायल व बिछिया की डिमांड है। पायल के नए-नए डिजाइन और आपसी मेल वाले बिछिया काफी पसंद किए जा रहे हैं। डिजाइन भी पिछले वर्ष के मुकाबले नए हैं। सोने के हल्के मंगलसूत्र व कुंडल भी काफी पसंद किए जा रहे हैं। डायमंड वाली अंगूठियां नवविवाहिताओं की पहली पसंद हैं।