मैनपुरी। कोरोना महामारी के चलते मार्च 2020 में बंद हुई कासगंज-शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन का 18 अक्तूबर से संचालन फिर से होने जा रहा है। फिलहाल यह पैैसेंजर ट्रेन अनारक्षित एक्सप्रेस के रूप में संचालित होगी। ट्रेन के संचालन की समयसारिणी जारी कर दी गई है।
कोरोना महामारी के कारण मार्च 2020 में जिले में संचालित होने वाली पैसेंजर ट्रेन कासगंज-शिकोहाबाद और टूंडला-फर्रुखाबाद को बंद कर दिया गया था। टूंडला फर्रुखाबाद पैसेंजर ट्रेन का तो छह महीने पहले ही अनारक्षित एक्सप्रेस के रूप में संचालन शुरू किया जा चुका है। कासगंज- शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन का संचालन अभी भी बंद चल रहा है। अब रेलवे ने कासगंज- शिकोहाबाद पैसेंजर ट्रेन का भी अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन के रूप में संचालन करने का निर्णय लिया है। 18 अक्तूबर से कासगंज से फर्रुखाबाद, मैनपुरी होते हुए शिकोहाबाद के लिए एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 05419 के रूप में संचालित होगी। जबकि शिकोहाबाद से मैनपुरी, फर्रुखाबाद होते हुए कासगंज के लिए एक्सप्रेस ट्रेन संख्या 05420 का संचालन होगा। कासगंज से चलकर शिकोहाबाद जाने वाली ट्रेन मैनपुरी स्टेशन पर सुबह 9:30 बजे पहुंचेगी। जबकि शिकोहाबाद से कासगंज जाने वाली ट्रेन मैनपुरी स्टेशन पर 5:49 बजे पहुंचेगी।
----
18 अक्तूबर से कासगंज-शिकोहाबाद अनारक्षित एक्सप्रेस ट्रेन अप और डाउन का संचालन होने जा रहा है। इसकी तैयारियां की जा रही हैं।
एचएस मीणा, स्टेशन अधीक्षक मैनपुरी
----