कासगंज/सोरों। शुक्रवार को भी ज्येष्ठ पूर्णिमा मनाई गई। श्रद्धालुओं ने तीर्थनगरी के कछला गंगा घाट, कादरगंज घाट और हरिपदी में गंगा स्नान किया। वहीं घाट पर मौजूद निर्धनों एवं साधुओं को दान किया। देव मंदिरों पर दर्शन कर मनोतियां मांगी गईं।
ज्येष्ठ पूर्णिमा पर श्रद्धालुओं ने हर हर गंगे के जयकारे लगाते हुए गंगा में डुबकी लगाई। गंगा स्नान के बाद श्रद्धालुओं ने मां गंगा की आरती उतार कर प्रसाद चढ़ाया और हरिपदी की परिक्रमा लगाई। परिक्रमा मार्ग में बैठे साधु संतों को पूड़ी व मिष्ठान खिलाया। मंदिरों में दर्शन कर श्रद्धालुओं ने देवों से अपने परिवार की खुशहाली का आशीष मांगा।
श्रद्धालुओं ने मीठे जल से भरे घट, सत्तू, खरबूजा, ककडी, मिष्ठान आदि का मंदिरों में दान किया। संत आश्रमों स्वामी अमृतानंद आश्रम, दयानंद सोहम आश्रम, बंशीवाले बाबा आश्रम आदि में श्रद्धालुओं द्वारा चलाए गए अन्न क्षेत्रों में संतों ने भोजन किया। वराह मंदिर, बालाजी दरबार, बटुकनाथ, ग्राम देवी मंदिर, त्रिमहाशक्ति कालिका मंदिर, मानस मंदिर आदि में श्रद्धालुओं ने देव-दर्शन कर पूजा अर्चना की और परिवार की खुशहाली के लिए मनौतियां मांगी।