श्रावण मास के तीसरे सोमवार को आगरा में कैलाश महादेव मंदिर में भक्ति का सावन बरसेगा। लाखों की संख्या में श्रद्धालु दर्शन को पहुंचेंगे। आगरा में कैलाशपति महादेव का दरबार पांच हजार वर्ष से भी अधिक पुराना है। यहां एक साथ दो शिवलिंग मंदिर की महिमा को और भी बढ़ाते हैं। मान्यता है कि ऐसा संयोग दुलर्भ ही मिलता है।
कैलाश महादेव के मेले का उद्घाटन रविवार 23 जुलाई को शाम पांच बजे होगा। महंत निर्मल गिरी के मुताबिक मेले का उद्घाटन एससी आयोग के अध्यक्ष रामशंकर कठेरिया करेंगे। यह मेला सिकंदरा स्मारक से लेकर कैलाश मंदिर मोड़ तक लगेगा। रविवार शाम को नेशनल हाईवे का रूट डायवर्ट रहेगा।
रविवार रात दो बजे से मंदिर में पूजा शुरू हो जाएगी। रुद्राभिषेक और आरती के बाद सोमवार सुबह चार बजे मंदिर के पट श्रद्धालुओं के लिए खोल दिए जाएंगे। दिन में भी कांवड़ चढ़ेंगे। रात 11 बजे फिर रुद्राभिषेक और उसके बाद आरती होगी।
कैलाश उत्सव समिति की ओर से शनिवार को भंडारे का आयोजन किया गया। भंडारे का उद्घाटन नगर आयुक्त अरुण प्रकाश और गुरुद्वारा गुरु का ताल के संत बाबा प्रीतम सिंह ने किया। संस्था के अध्यक्ष प्रमोद अग्रवाल और निर्देश तिवारी ने बताया कि भंडारा तीन दिन तक चलेगा।