मैनपुरी के खरगजीत नगर में रिश्तेदार के घर रह रही महिला से एक युवक ने नौकरी दिलाने के नाम पर 40 लाख रुपये आभूषण ले लिए। कई माह बाद भी नौकरी नहीं लगने पर महिला ने आभूषण की मांग की तो आरोपी जान से मारने की धमकी देने लगा। पीड़िता की तहरीर पर कोतवाली पुलिस ने रिपोर्ट दर्ज जांच शुरू कर दी है।
थाना औंछा क्षेत्र के गांव अकबरपुर निवासी लता पुत्री रामगोपाल शहर के मोहल्ला खरगजीत नगर में फुफेरी बहन के घर रहती है। वर्ष 2019 में उनकी मुलाकात अमित पुत्र शिव सिंह निवासी पालीवाल मोहल्ला जैथरा से हुई। अमित ने लता को नौकरी दिलवाने की बात कहते हुए 15 लाख रुपये की मांग की। इस पर लता ने अमित को पांच लाख रुपये के आभूषण दे दिए।
यह भी पढ़ें- 'मैं तुम्हें चाहती हूं, तुम भी मुझे चाहते हो न...' डॉक्टर दीप्ति की मौत की कहानी, पन्नों की जुबानी
करीब एक माह बाद अमित ने 10 लाख रुपये की मांग की। इस पर महिला ने ससुराल से मिले करीब 10 लाख कीमत के आभूषण और उसे दे दिए। इस प्रकार जून 2020 तक नौकरी के नाम पर अमित ने लता से तकरीबन 40 लाख रुपये के आभूषण ले लिए। इसके बावजूद नौकरी नहीं लगने पर लता ने आभूषण की मांग की तो अमित टालमटोल करने लगा।
इस पर लता ने 15 जून को मामले की शिकायत पंचायत में की लेकिन फैसला नहीं हो सका। लता का आरोप है कि अब रुपये अथवा आभूषण मांगने पर अमित जान से मारने की धमकी दे रहा है। इस पर पीड़िता ने थाने में शिकायत की। कोतवाली पुलिस ने लता की शिकायत पर आरोपी के विरुद्ध धोखाधड़ी सहित अन्य धाराओं में रिपोर्ट दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
यह भी पढ़ें- डॉक्टर दीप्ति की मौत के मामले में नया मोड़, पिता ने कहा- हत्या का केस दर्ज कराएंगे