फिरोजाबाद (नारखी)। पेट्रोल पंप स्वामी के घर से करीब पांच मीटर दूर खेतों में गहने के बैग आदि मिलने की सूचना पर डॉग क्वायड की टीम और नारखी थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गहने के बैग आदि को कब्जे में लेकर मामले की जांच शुरू कर दी है।
उधर घटना की जानकारी करने के लिए भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पीड़ित के घर पहुंचे। उन्होंने पुलिस अधिकारियों से घटना के जल्द खुलासे की मांग की।
नारखी थाना क्षेत्र के गांव तजापुर निवासी पेट्रोल पंप स्वामी अरुण प्रताप सिंह ने बताया कि पुलिस कार्रवाई से वह संतुष्ट नहीं है। परिजनों और गांव के लोगों के साथ उन्होंने छानबीन की तो घर से करीब पांच सौ मीटर दूर एक खेत में गहने के बैग और पुराने सिक्के मिले। इसकी जानकारी पुलिस को दी गई। पुलिस के साथ डॉग क्वायड की टीम मौके पर पहुंची लेकिन घटना के खुलासे को कोई सफलता तीन दिन बाद भी पुलिस को नहीं मिली है। दोपहर बाद भारतीय किसान यूनियन के राष्ट्रीय अध्यक्ष भानु प्रताप सिंह पीड़ित परिजनों से मिलने गांव तजापुर पहुंचे। घटना के 48 घंटे बीतने के बाद भी पुलिस के रवैये पर अंसतोष जताया। वहीं पीड़ित अरुण कुमार ने बताया कि उन्होंने एसपी सिटी से बात की और जल्द से जल्द घटना के खुलासे की मांग की है। वहीं पीड़ित का कहना है कि वह पुलिस कार्रवाई से अभी तक संतुष्ट नहीं है।