शहर में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर श्रीकृष्ण की मूर्ति और पालना की खरीदारी करतीं युवतियां
- फोटो : MAINPURI
मैनपुरी। कान्हा की पोशाक, पालना, मूर्ति खरीदने के लिए सोमवार को बाजार में भीड़ उमड़ी। जन्माष्टमी की खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। इसके चलते सामाजिक दूरी का पालन नहीं हो सका। माखन-मिश्री की भी खूब मांग रही।
सोमवार को सुबह से ही जिले के बाजारों में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर लोगों की भीड़ पहुंचना शुरू हो गई थी। भक्तों ने कान्हा के लिए पालना, मनमोहक पोशाक और मूर्तियां खरीदीं। कोरोना संकट के बाद भी बाजार में खरीदारी के लिए बड़ी संख्या में लोग पहुंचे। मिश्री और मिष्ठान की दुकानों पर भी लोगों की भीड़ रही। भीड़ को देखते हुए शहर कोतवाल ने पुलिसबल के साथ बाजार में भ्रमण किया। दुकानदारों के साथ ही लोगों को सामाजिक दूरी का पालन करने की चेतावनी दी।
घर पर झांकी सजा करेंगे श्रीकृष्ण की पूजा
मैनपुरी। कोरोना महामारी के चलते मंदिरों में इस बार झांकियां नहीं सजेंगी। भक्त घर पर झांकी सजा श्रीकृष्ण की पूजा करेंगे। भक्तों का कहना था कि भले ही उन्हें मंदिर में जाने का मौका न मिले। वे घर पर ही झांकी सजाकर भगवान कन्हैया की पूरी श्रृद्धा के साथ पूजा-अर्चना करेंगे।
भले ही मंदिर में जाने का मौका न मिले। घर में ही श्रीकृष्ण की झांकी सजाकर उनका पूजन किया जाएगा। - सौरभ कुमार
कोरोना संकट है तो क्या। श्रीकृष्ण की पूजा पूरे विधान के साथ की जाएगी। घर में ही बच्चों द्वारा मनमोहक झांकी सजाने की तैयारी चल रही है। - लव वर्मा
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का व्रत रखकर घर पर ही भगवान कन्हैया की मनमोहक झांकी सजाएंगे। परिवार के साथ सामाजिक दूरी का पालन करते हुए पूजा-अर्चना की जाएगी। - दीक्षा पाल
श्रीकृष्ण जन्माष्टमी पर घर पर रहते हुए पूजा की जाएगी। भगवान श्रीकृष्ण से मनोकामना की जाएगी कि वे कोरोना संकट से देश को उभारने का कार्य करें। - सुमनलता