बल्केश्वर में सजी जनकपुरी में लोगों की भीड़ को देखते हुए मंगलवार को हाईवे पर छह घंटे के लिए वाहनों का आवागमन नहीं होगा। वाहनों को अन्य मार्गों से निकाला जाएगा। इसके लिए रूट डायवर्जन किया गया है।
एसपी ट्रैफिक आरके सिंह ने बताया कि शाम छह बजे से रात 12 बजे तक रूट डायवर्ट किया गया है। इसके मुताबिक, कानपुर की ओर से मथुरा, दिल्ली की ओर जाने वाले वाहनों को छलेसर से यमुना एक्सप्रेस वे होकर जाना होगा। दिल्ली, मथुरा की ओर से कानपुर की ओर जाने वाले वाहनों को भगवती ढाबा से दाहिने मुड़कर शास्त्रीपुरम ओवर ब्रिज के रास्ते पथौली, रोहता होकर ग्वालियर मार्ग, सैंया, इरादतनगर से फतेहाबाद के रास्ते जाएंगे। ग्वालियर की ओर से मथुरा, दिल्ली जाने वाले भारी वाहनों को रोहता नहर से डायवर्ट करके पथौली होते हुए रुनकता से एनएच-2 जाएंगे। ग्वालियर से इटावा, कानपुर की ओर जाने वाले वाहन सैंया, शमसाबाद, फतेहाबाद, बाह होते हुए जाएंगे। फतेहपुर सीकरी से आने वाले वाहन पथौली नहर से रोहता नहर, बिचपुरी, रुनकता होते हुए जाएंगे। फतेहाबाद-शमसाबाद से आने वाले वाहन रोहता नहर से ग्वालियर की ओर, जयपुर और दिल्ली की ओर जाने वाले वाहन रोहता नहर से पथौली नहर होकर जाएंगे। कानपुर, दिल्ली की तरफ से रोडवेज बसें आईएसबीटी एनएच-2 से आ जा सकेंगी। कानपुर, अलीगढ़, शमसाबाद, फतेहाबाद की तरफ से आने वाली रोडवेज टूरिस्ट बस एत्माद्दौला, अंबेडकर पुल, यमुना किनारे से आ जा सकेंगे।
पुलिस के सुरक्षा घेरे में जनक महल
जनकपुरी और सदर मेें बम धमाके का धमकी भरा पत्र कैंट स्टेशन पर मिलने के बाद पुलिस को अलर्ट कर दिया गया। जनक महल की सुरक्षा पुख्ता कर दी गई है। मंच के आसपास पुलिस के साथ पीएसी और आरआरएफ का सुरक्षा घेरा रहेगा। बिना चेकिंग के कोई भी अंदर प्रवेश नहीं कर सकेगा। इसके अलावा पांच ड्रोन कैमरे भी निगरानी के लिए लगाए गए हैं।
बता दें, तीन दिन पहले कैंट स्टेशन पर एक पत्र मिला था। इसमें जनकपुरी और सदर में बम धमाकों की धमकी दी गई। इसके बाद से ही जनकपुरी की सुरक्षा बढ़ा दी गई है। छह कंपनी पीएसी, एक कंपनी आरआरएफ, 18 सीओ को तैनात किया गया है। इसके अलावा बड़ी संख्या में सिपाही, दरोगा, इंस्पेक्टर भी लगाए गए हैं। जनक महल को चारों ओर से सुरक्षा घेरे में कर दिया गया है।
एलआईयू की अलग-अलग टीम बनाई गई हैं। वहीं बम डिस्पोजल स्क्वैड भी लगातार चेकिंग करता रहेगा। जनक महल के प्रवेश द्वारों पर डीएफएमडी लगाए गए हैं। यहां से जनकपुरी समिति की ओर से जारी किए पास धारक ही अंदर जा सकेंगे। आसपास के इलाकों में ऊपर से नजर रखने के लिए पांच ड्रोन कैमरे रहेंगे। इसके अलावा भी पूरे क्षेत्र में भी अलग-अलग प्वाइंट बनाकर फोर्स लगाई गई है। इस बार के जनकपुरी आयोजन में पिछले साल से अधिक फोर्स लगाई है।
रामबारात की भी सुरक्षा कड़ी की गई है। हर झांकी के साथ फोर्स रहेगी। विभिन्न सेक्टर बनाकर ड्यूटी लगाई गई है। छतों पर भी पुलिस तैनात की गई है।
बाउंसरों के हाथ जनकमंच की सुरक्षा
आगरा। जनकमंच की सुरक्षा के लिए आयोजन कमेटी ने बाउंसरों की तैनाती की है। दरअसल पुलिसकर्मी मंच पर तैनात रहेंगे लेकिन प्रवेश द्वारों पर बाउंसरों की ड्यूटी भी रहेगी। बाउंसरों के हाथ में मेहमानों की लिस्ट होगी वह उसी आधार पर लोगों को मुख्य मंच के अंदर वीआईपी और वीवीआईपी गैलरी में प्रवेश देंगे।
मुख्यमंत्री नहीं आएंगे, 28 को शिवपाल का आना तय
आगरा। जनकपुरी आयोजन कमेटी के मीडिया प्रभारी उमेश अग्रवाल ने बताया कि मुख्यमंत्री का कार्यक्रम तो नहीं है लेकिन समाजवादी पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष, कैबिनेट मंत्री शिवपाल यादव 28 सितंबर के कार्यक्रम में आ रहे हैं।