जेल प्रशासन ने परिसर के बाहर बनाया प्रतीक्षालय
बंदी के मुलाकाती को अब नहीं होगी परेशानी
संवाद न्यूज एजेंसी
मैनपुरी। जेल में बंदी से मुलाकात करने वाले को अब परेशानी नहीं होगी। उनको खुले में अथवा पेड़ों के नीचे इंतजार नहीं करना पड़ेगा। जेल प्रशासन ने जेल परिसर के बाहर मुलाकातियों की परेशानी को देखते हुए उनकी सुविधा के लिए एक प्रतीक्षालय बनवाया है। प्रतीक्षालय के पास ही शौचालय का निर्माण भी करवाया गया है।
अपराध में आरोपी बनाए गए लोगों को या तो पुलिस जेल भेजती है। अथवा न्यायालय में हाजिर होकर वह जेल चले जाते हैं। जेल जाने के बाद बंदी के परिजन, रिश्तेदार तथा उनके शुभ चिंतक मुलाकात करने के लिए जेल जाते हैं। जेल में अभी तक बंदियों से मुलाकात करने वालों के बैठने के लिए कोई व्यवस्था नहीं थी। मुलाकात की पर्ची कटवाने के बाद उनको खुले में अथवा पेड़ के नीचे अपनी बारी आने का इंतजार करना पड़ता था। बारिश और तेज धूप में मुलाकातियों को परेशानी होती थी।
जेल प्रशासन ने मुलाकातियों की समस्या को देखते हुए जेल परिसर के बाहर सड़क के दूसरी ओर एक प्रतीक्षालय का निर्माण कराया है। इस प्रतीक्षालय में 200 लोगों के बैठने की क्षमता है। मुलाकातियों की सुविधा के लिए प्रतीक्षालय के पास ही शौचालय भी बनाया गया है। बंदी से मुलाकात करने वालों की मुलाकात पर्ची भी जेल स्टाफ द्वारा प्रतीक्षालय में ही काटी जाती है। परिसर में ही एक हैंडपंप भी लगवाया गया है। अब बंदी के मुलाकाती इसी प्रतीक्षालय में अपनी बारी का इंतजार करते हैं।
मुलाकातियों की सुविधा को देखते हुए प्रतीक्षालय बनवाया गया है। उनकी परेशानी को कम करने के लिए प्रतीक्षालय के पास ही शौचालय का भी निर्माण कराया गया है। परिसर में ही पानी की सुविधा भी दी गई है।
कोमल मंगलानी, जेल अधीक्षक
मृतक शादाब ।