कुसमरा। बुधवार को सिंचाई विभाग के अधिकारी रामनगर पहुंचे। उन्होंने बुढ़ौली माइनर की टेल को कब्जा मुक्त कराया। दोबारा कब्जा किए जाने पर कार्रवाई की चेतावनी दी। माइनर की टेल बंद कर जमीन पर कब्जा किए जाने का मामला किशनी विधायक बृजेश कठेरिया ने उठाया था।
बीते सप्ताह किशनी विधायक बृजेश कठेरिया ने आरोप लगाया था कि सत्ताधारी दल के लोगों ने बुढ़ौली माइनर का टेल पर मुंह बंद कर दिया है। उन्होंने सिंचाई विभाग की जमीन पर कब्जा कर प्लॉटिंग करने का भी आरोप लगाया था। कार्रवाई न होने पर धरना देने की बात कही थी। चलते बुधवार को सिंचाई और राजस्व विभाग के कर्मचारी रामनगर स्थित बुढ़ौली माइनर की टेल पर पहुंचे। सिंचाई विभाग के सहायक अभियंता एमएस क्रमानी और कन्नौज के सिंचाई पर्यवेक्षक विजय पाल सिंह ने राजस्व कर्मियों की मदद से सिंचाई विभाग की जमीन की पैमाइश कराई। उन्होंने जेसीबी से टेल के मुंह को खुलवाते हुए कब्जा मुक्त कराया। कहा कि अगर किसी ने टेल को अवरुद्ध करने की कोशिश की तो उसके विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी। पैमाइश के दौरान जिलेदार प्रथम, ओमेंद्र सिंह, अवर अभियंता मुकेश चंद्र, संदीप कुमार, राजेश कुमार, सहायक अभियंता जगदीश पासवान, कानूनगो मयंक गोयल आदि मौजूद रहे।