बाह (आगरा)। मुढ़ियापुरा गांव में राजकीय नलकूप की गूल में शनिवार दोपहर गिरकर बहा ढाई साल का तरुन पुलिया की पाइप में फंस गया। करीब तीन घंटे फंसे रहे मासूम को किसी तरह निकालकर अस्पताल लाया गया, जहां चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। पुलिस ने शव पोस्टमार्टम के लिए भेजा है।
मुढ़ियापुरा निवासी लोकेंद्र का बेटा तरुन दोपहर करीब एक बजे राजकीय नलकूप के पास खेल रहा था। परिजनों ने पुलिस को बताया कि खेलते समय नलकूप की गूल के पानी में गिर कर बह गया। सड़क पर बनी पुलिया की पाइपलाइन में फंस गया। परिजन उसकी खोजबीन कर रहे थे। इसी दौरान पाइपलाइन चोक होने से पुलिया ओवर फ्लो हो गई। सूचना के बाद पुलिस, स्वास्थ्य विभाग और दमकल की टीम मौके पर पहुंची। करीब एक घंटे चले बचाव कार्य के बाद मासूम को बाहर निकाला जा सका। सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र बाह लाने पर चिकित्सकों ने उसे मृत घोषित कर दिया। शव देख मां रीना, दादी मुन्नी देवी, पिता लोकेंद्र आदि बिलख पड़े।