भोगांव। थाना पुलिस ने गांव हसनपुर के पास जंगल में अवैध असलहा बना रहे एक आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। मौके से पुलिस को कई बने-अधबने तमंचा आदि उपकरण बरामद हुए। रविवार को पुलिस ने गिरफ्तार आरोपी को न्यायालय में पेश किया। वहां से उसे जेल भेजा गया।
थाना पुलिस को रविवार की सुबह सूचना मिली कि गांव हसनपुर के पास जंगल में अवैध असलहा बनाए जाने का काम चल रहाहै। सूचना पर सीओ अमर बहादुर ने प्रभारी निरीक्षक रवींद्र बहादुर को कार्रवाई के लिए टीम के साथ रवाना किया। पुलिस टीम जब मौके पर पहुंची तो वहां एक व्यक्ति तमंचा बना रहा था। पुलिसकर्मियों ने पकड़ लिया। मौके से पुलिस को पांच बने तमंचा, चार अधबने सहित अन्य उपकरण बरामद हुए। अवैध असलहा बनाने वाले ने अपना नाम पप्पू उर्फ संपूर्णानंद निवासी गांव तुल्जापुर भोगांव बताया। बताया कि इस काम को पहले उसके पिता किया करते थे, उन्हीं से सीखने के बाद अब वह भी तमंचा बनाता है। वह पूर्व में भी कई बार जेल जा चुका है। पकड़े गए कारीगर को पुलिस ने जेल भेज दिया है।