बरनाहल। डालूपुर रोड निवासी एक मजदूर का शव बृृहस्पतिवार सुबह घर के पास एक पेड़ पर लटका मिला। लोगों ने बताया कि शराब के लिए रुपये न मिलने से नाराज होकर खुदकुशी की है। पुलिस ने शव का पोस्टमार्टम कराया है।
थाना क्षेत्र में डालूपुर रोड निवासी 28 वर्षीय अफसर खां मजदूरी करता है। वह शराब पीने का आदी था। शराब के लिए रुपयों को आए दिन घरवालों से उसका झगड़ा भी होता था। बुधवार की रात अफसर खां ने अपने परिजनों से शराब के लिए रुपये मांगे। जब मां हबीदन और पत्नी प्यारी बानो ने मना कर दिया तो वह नाराज होकर घर से चला गया। देर रात तक नहीं आया तो परिजन तलाश करने लगे। बृहस्पतिवार की सुबह डालूपुर रोड पानी की टंकी के पास एक पेड़ पर उसका शव लटका मिला।
जानकारी मिलने के बाद रोते बिलखते परिजन मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलने के बाद प्रभारी निरीक्षक रूपेश वर्मा पुलिस बल के साथ पहुंचे। शव को फंदे से उतरवाने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेजा। प्रभारी निरीक्षक ने बताया कि मृतक शराब पीने का आदी था। प्रथम दृष्ट्या उसने परिजनों से नाराज होकर खुदकुशी की है।