पति ने पत्नी की हथौड़े से प्रहार कर उस समय हत्या कर दी, जब वो अपने भाई के साथ अदालत से तारीख कर घर लौट रही थी। इस हमले में विवाहिता का भाई भी गंभीर रूप से घायल हुआ है। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।
कासगंज में मथुरा मार्ग के मैमडी गांव के निकट एक विवाहिता के सिर पर हथौड़ा से प्रहार कर हत्या कर दी गई। विवाहिता के भाई पर भी प्रहार किया गया, जिससे उसके चोट आई है। घायल भाई ने बहन के पति और उसके चार-पांच साथियों पर हत्या करने का आरोप लगाया है। बताया गया है कि विवाहिता अपने भाई के साथ बाइक से न्यायालय से तारीख करके लौट रही थी। उसका पति से विवाद चल रहा है।
विज्ञापन
अलीगढ़ की रहने वाली 27 वर्षीय प्रीति का अपने पति से विवाद चल रहा है। इस विवाद के कारण वो अपने मायके बहादुर नगर में रह रही थी। प्रीति अपने भाई मनजीत शर्मा के साथ आज न्यायालय से तारीख करके वापस अपने गांव बहादुरपुर जा रही थी। तभी मैमडी के समीप बोलोरो गाड़ी में बैठे पति विपिन शर्मा और उसके साथ चार-पांच अज्ञात लोग ने घेराबंदी कर हथौड़े से हमला कर दिया।
इस हमले में प्रीति और उसका भाई मंजीत दोनों लोग गंभीर रूप से घायल हो गए। राहगीरों ने जब सड़क किनारे दोनों भाई बहन को घायल अवस्था में देखा तो पुलिस को सूचना दी। पुलिस ने दोनों घायलों को एंबुलेंस से अस्पताल पहुंचाया। यहां चिकित्सकों ने प्रीति को मृत घोषित कर दिया, जबकि भाई का प्राथमिक उपचार कराया गया।
विज्ञापन
मृतका के पिता ज्वाला प्रसाद ने बताया शादी को लगभग छह वर्ष हो गए। शादी के बाद से ही पति से विवाद रहने लगा। तभी से प्रीति अपने मायके में रह रही थी। पुलिस ने प्रीति के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। सीओ कासगंज अजीत सिंह चौहान ने बताया कि महिला की मौत के मामले में परिवार के लोग हत्या का आरोप लगा रहे हैं। अभी कोई तहरीर नहीं मिली है। मामले की जांच पड़ताल की जा रही हैं।