एटा कोतवाली देहात क्षेत्र में कासगंज रोड स्थित कबाड़ के गोदाम में शुक्रवार दोपहर बाद भीषण आग लग गई। सूचना पर दमकल की दो गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और करीब आधा घंटा कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पा लिया गया। आग की लपटें और टायर फटने की आवाजों से आसपास के रिहायशी इलाके में घंटे भर खौफ का माहौल रहा। स्थानीय लोग खतरे को देखते हुए गैस सिलिंडर निकालकर बाहर आ गए।
कासगंज रोड स्थित गांव असरौली में शुक्रवार की दोपहर बाद करीब 3 बजे एक कबाड़ के गोदाम में आग लगी। उस समय गोदाम बंद था। कुछ ही देर में तेज लपटें उठने लगीं। सूचना मिलने पर फायर स्टेशन से दो गाड़ियां मौके पर पहुंच गईं। बताया गया कि यह गोदाम बाबूगंज के रहने वाले आज़ाद कबाड़ी का हैं जिसे कासगंज जिले के सहावर निवासी एक कबाड़ी ने किराए पर ले रखा है। आग इतनी भीषण थी की इसका धुआं आसमान में उड़कर दूर तक जा रहा था।
वहीं गोदाम में रखे वाहनों के टायर में आग पहुंचते ही टायर फटने से विस्फोट की आवाज होने लगी। विस्फोटक आवाजें व आग की लपटें देख आस-पास के घरों से लोग निकलकर सड़कों पर आ गए। करीब आधा घंटे बाद सूचना मिलने पर दमकल की टीम मौके पर पहुंची। ताला तोड़कर अंदर घुसी। आग की भयावहता देख उनको दो गाड़ियां बुलानी पड़ी। कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। प्रभारी अग्निशमन अधिकारी केतन कुमार ने बताया कि आग लगने का कोई स्पष्ट कारण नहीं पता लग सका है। गोदाम में कबाड़ भरा हुआ था। नुकसान का आकलन अभी नहीं हो सका है।
बोले लोग
असरौली निवासी मधुकर वर्मा ने बताया कि करीब एक घंटे तक आग की लपटें उठती रहीं। दमकल कर्मियों ने कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया। स्थनीय लोग इतना डर गए थे कि घर से सिलिंडर निकालकर बाहर सड़कों पर आ गए।
असरौली निवासी शिवम कुमार ने बताया कि भीषण आग की लपटें देख डर गए थे। बड़ा हादसा भी हो सकता था। आग लगने से गोदाम से वाहनों के टायर फटने की तेज आवाज़ आ रही थी। जिससे आस-पास के घर वाले डर गए थे। करीब एक घंटे तक धुएं का गुबार उठता रहा।
असरौली निवासी अवधेश कुमार ने बताया कि आग लगने से उठते धुएं को देख भागते हुए आए। तब तक अन्य लोग भी सड़कों पर निकल आए थे। यहां आकर देखा तो आग कबाड़ के गोदाम में लगी थी। कोई जनहानि नहीं हुई, यह राहत की बात है।