मैनपुरी। पुलिस लाइन सभागार में बुधवार को अपराध समीक्षा बैठक में एसपी ने लूट व चोरी की वारदातों पर नाराजगी जाहिर की। सख्त हिदायत दी कि क्षेत्र में आपराधिक वारदात होने पर प्रभारी जिम्मेदार होंगे। छोटी घटनाओं पर मौके पर जाकर जांच करें। चुनाव संबंधी कार्यों को लेकर किसी भी तरह की लापरवाही न बरतें।
बुधवार को एसपी अशोक कुमार राय ने पुलिस लाइन में आयोजित अपराध समीक्षा बैठक में शिथिलता पर कई थानाध्यक्षों से खासे नाराज नजर आए। मिली जानकारी के अनुसार एसपी ने लूट की वारदातों पर दन्नाहार, कोतवाली और भोगांव के प्रभारियों को फटकार लगाई। वहीं चोरी की वारदातों को लेकर किशनी, करहल और बिछवां के थाना प्रभारियों से नाराजगी जाहिर की।
एसपी ने कहा कि आगामी चुनाव को लेकर सभी प्रभारी/थानाध्यक्ष अलर्ट रहें। किसी भी घटना को हल्के में न लें। स्वयं मौके पर जाकर जांच करें, सीओ अपने एसडीएम के साथ बूथों का भ्रमण कर स्थिति जानें। वहीं एसपी ने यातायात माह में कम चालान पर नाराजगी जताई। कहा कि यातायात माह में ट्रैफिक पुलिस ने कोई उल्लेखनीय कार्य भी नहीं किया। बैठक में एएसपी मधुवन कुमार, सभी सीओ सहित प्रभारी निरीक्षक और थानाध्यक्ष मौजूद रहे।