एटा के जलेसर कोतवाली जलेसर क्षेत्र के अंतर्गत ग्राम पुनहैरा में होली के त्योहार के दिन एक सनसनीखेज मामला सामने आया है। यहां एक 32 वर्षीय युवक ने गृह कलह और मानसिक तनाव के चलते शराब के नशे में खुद को तमंचे से गोली मारकर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने युवक के शव का पोस्टमार्टम के लिए भेजने के साथ ही जांच शुरू कर दी है।
प्राप्त जानकारी के अनुसार, ग्राम पुनहैरा निवासी दुष्यंत (32 वर्ष) पुत्र बलबीर सिंह का पत्नी के साथ पिछले काफी समय से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि उसकी पत्नी बीते 10 महीनों से अपने मायके में रह रही थी। इसी बात को लेकर दुष्यंत मानसिक रूप से परेशान था। बुधवार रात करीब 10:00 बजे, जब पूरा क्षेत्र होली के उल्लास में था, दुष्यंत ने अत्यधिक शराब का सेवन किया और घर में रखे अवैध तमंचे से खुद को गोली मार ली। गोली की आवाज सुनकर परिजन मौके पर पहुंचे, लेकिन तब तक दुष्यंत की मृत्यु हो चुकी थी।
घटना की सूचना मिलते ही प्रभारी निरीक्षक कोतवाली जलेसर पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण किया और साक्ष्य जुटाए। पुलिस ने मृतक के शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए मोर्चरी भेज दिया है। कोतवाली जलेसर के प्रभारी निरीक्षक अमित कुमार ने बताया कि पारिवारिक विवाद के कारण युवक द्वारा आत्मघाती कदम उठाने की सूचना मिली थी। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। मामले की गहराई से जांच की जा रही है। मौके पर कानून एवं शांति व्यवस्था पूरी तरह नियंत्रण में है।