कासगंज। बदलते मौसम और होली के पकवानों ने लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल दिया है। उल्टी दस्त, पेट दर्द के मरीजों की संख्या में इजाफा हो गया है। जिला अस्पताल पर सोमवार को 1500 मरीज इलाज कराने के लिए पहुंचे। इससे जिला अस्पताल पर मरीजों की लंबी कतारें लग गईं। मरीजों को इलाज कराने में घंटों इंतजार करना पड़ा।
मौसम का मिजाज अब बदल गया है। लगातार तापमान बढ़ रहा है। वहीं, होली के पकवानों का भी दौर चल रहा है। मौसम की मार और पकवानों का सेवन लोगों की सेहत पर बुरा असर डाल रहा है। जिला अस्पताल पर इलाज कराने के लिए सुबह से ही मरीजों की भीड़ उमड़ पड़ी। 1000 नए मरीज इलाज कराने के लिए जिला अस्पताल पहुंच गए। जबकि 500 पुराने मरीज भी पहुंचे। इनमें पेट दर्द, डायरिया के मरीजों की संख्या अच्छी खासी रही। 200 मरीज इन बीमारियों के आए। इनमें काफी संख्या बच्चों की रही। रंगों के खेलने से एलर्जी के भी 50 मरीज पहुंचे। वहीं, शरीर में दर्द, सर्दी, खांसी, जुकाम आदि के मरीजों की संख्या भी अच्छी रही। वहीं, जिला के सातों सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्रों और ग्रामीण स्वास्थ्य केंद्रों पर भी काफी संख्या में मरीज अपना इलाज कराने के लिए आए।
यह बरतें सावधानी
- ठंडा पानी, कोल्ड ड्रिंक्स, आइसक्रीम खाने से बचें
- धूप से आकर एसी, कूलर न चलाएं
- पानी उबालकर पीएं
- घर और आसपास साफ-सफाई रखें
- बाजार के खुले कटे फल न खाएं
- तीखा, तला भुना खाने से परहेज करें
मुझे पेट में दर्द की शिकायत है। काफी देर से इंतजार कर रहा है। भीड़ अधिक होने से काफी समय लग गया। - बबलू निवासी देवपुर
मुझे एलर्जी की शिकायत हो गई है। होली खेलने के बाद से यह प्रभाव पड़ा है। एलर्जी के चलते काफी दिक्कत है। - राहुल निवासी जमालपुर
वर्जन
मौसम के बदलाव व होली के त्यौहार की वजह से मरीजों की संख्या में इजाफा हुआ है। पेट दर्द, डायरिया, सर्दी, खांसी के मरीज बढ़े हैं। - डा. एसपी सिंह, सीएमएस