आगरा। आरबीएस कॉलेज में बृहस्पतिवार को राष्ट्रीय सेवा योजना (एनएसएस) की प्रथम, द्वितीय और पंचम इकाई की ओर से नए मतदाताओं के पंजीकरण के लिए हेल्प डेस्क खोली गई है। छात्र-छात्राओं को पंजीकरण कराने के लिए जागरूक भी किया गया।
हेल्प डेस्क का उद्घाटन कॉलेज के पूर्व प्राचार्य डॉ. यूएन सिंह और डॉ. भीमराव आंबेडकर विश्वविद्यालय के एनएसएस के समन्वयक डॉ. रामवीर सिंह चौहान ने किया। इस मौके पर कॉलेज के डीन स्टूडेंट वेलफेयर डॉ. कृपा शंकर सिंह ने छात्रों को मतदान का महत्व बनाया और उन्हें पंजीकरण कराकर मतदाता बनने और चुनाव में अनिवार्य रूप से मतदान करने के लिए प्रेरित किया। एनएसएस की कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पूनम तिवारी ने मतदाता बनने की प्रक्रिया की जानकारी दी। एनएसएस के कार्यक्रम अधिकारी डॉ. चंचल पाल सिंह, डॉ. आलोक सिंह ने भी विचार व्यक्त किए। कार्यक्रम में डॉ. गोपेंद्र सिंह, अनिल कुमार सिंह, भारत, स्वयंसेवकों में रीना, जान्हवी, शुभम आदि शामिल रहे।