कासगंज। पूर्ति विभाग के गोदामों में चना खत्म हो गया है, जिससे साढ़े पांच हजार कार्डधारकों का राशन फंस गया है। इन उपभोक्ताओं को अब होली के बाद ही राशन मिल सकेगा। राशन वितरण की तिथि को 25 मार्च तक बढ़ा दिया गया है। रिफाइंड भी 76 लीटर कम मिला है।
शासन से निशुल्क राशन के साथ ही चना, रिफाइंड व नमक भी कार्डधारकों को उपलब्ध कराया जा रहा है। जिले के लिए चना, रिफाइंड व नमक की जो आपूर्ति दी जाती है उससे इस बार 55 क्विंटल चना व 76 लीटर रिफाइंड कम मिला है। जो सामन प्राप्त हुआ उसको राशन की दुकानों पर उपलब्ध कराकर वितरण शुरू करा दिया गया। 20 मार्च तक राशन वितरण की तिथि निर्धारित की गई।
नियमानुसार सभी पांच वस्तुओं के होने के बाद ही राशन डीलर इनका वितरण कर सकते हैं। स्टॉक कम आने से राशन डीलरों को चना व रिफाइंड का उठान पूरा नहीं हो सका। होली के त्योहार में एक दिन का समय शेष रह गया है। ऐसे में जो कार्डधारक अपना राशन नहीं ले सके उनका राशन अब अटक गया है। ऐसे में त्योहार के मौके पर राशन न मिल पाने से वे चिंतित है। रिफाइंड व चना की उपलब्धता न होने पर शासन सेेेे वितरण की तिथि को बढ़ा दिया है। अब 25 मार्च तक राशन का वितरण होगा।
कासगंज। प्रदेश सरकार के द्वारा किए जाने वाले राशन वितरण के बाद इस माह प्रधानमंत्री गरीब कल्याण योजना के तहत राशन को वितरण होना है। 20 मार्च के बाद इस राशन का वितरण किया जाना था, लेकिन अब यह वितरण 25 मार्च के बाद हो सकेगा।
रिफाइंड व चना की डिमांड शासन को भेज दी गई है। जल्द ही इनकी आपूर्ति होने की उम्मीद है। इसलिए वितरण की तिथि को 25 मार्च तक बढ़ा दिया गया है।
केएन सिंह, जिलापूर्ति अधिकारी