टूंडला-कानपुर रेलखंड पर बलरई स्टेशन के निकट खड़ी इंटरसिटी एक्सप्रेस
- फोटो : TUNDLA
टूंडला (फिरोजाबाद)। कानपुर रेलखंड पर लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस से बलरई के निकट गोवंश टकरा गया। घटना के बाद रेल इंजन का प्रेशर पाइप फट गया और ट्रेन खड़ी हो गई। इसके चलते डाउन रेलट्रैक लगभग एक घंटे प्रभावित रहा। इस दौरान आधा दर्जन से अधिक मालगाड़ियां प्रभावित रहीं।
02180 इंटरसिटी एक्सप्रेस मंगलवार सुबह अपने निर्धारित समय से चल रही थी। सुबह आठ बजे बलरई रेलवे स्टेशन के पश्चिमी दिशा में गेट संख्या 40 सी के पोल संख्या 1184/12 के पास खेतों के रास्ते गोवंश रेलवे ट्रैक पर आ गए और ट्रेन के इंजन से टकरा गए। इंजन से टकराने के चलते दो गोवंश के चिथड़े उड़ गए। चिथड़े रेल इंजन के अंदर फंस गए और इंजन में भी तकनीकी कमी आने के साथ ही प्रेशर पाइप भी फट गया। इसके चलते इंजन ने कुछ समय बाद काम करना बंद कर दिया।
चालक ने इंजन को सही कर चलाने का प्रयास किया, लेकिन सफलता नहीं मिल सकी। चालक ने आनन-फानन में कंट्रोल ऑफिस टूंडला को सूचना दी। इसके बाद पीछे आ रही महत्वपूर्ण ट्रेनों को खड़ा कर दिया गया। रेल अधिकारियों के निर्देश पर विभागीय कर्मचारियों की टीम मौके के लिए रवाना हुई। मौके पर पहुंची टीम ने लगभग डेढ़ घंटे की मेहनत के बाद इंजन में फंसे गोवंश को निकाला और 9:35 पर ट्रेन को गंतव्य के लिए रवाना किया गया।