कासगंज। पहाड़ों पर हुई तेज बारिश और उत्तराखंड में हुए भूस्खलन के बाद बैराजों पर अतिरिक्त पानी का दबाव बढ़ने का असर सीधे गंगा नदी की धारा पर पड़ा है। इससे कछला गंगा नदी में बाढ़ के हालात बन गए हैं। पिछले 24 घंटे में 35 सेंटीमीटर पानी कछला नदी में बढ़ गया है। बैराजों से छोड़े गए पानी की लहरें बृहस्पतिवार को और तेज हो जाएंगी। इसको लेकर ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ी गई हैं।
प्रशासन और सिंचाई विभाग भी सतर्कता बरत रहा है। अफसरों ने गंगानदी के किनारे पहुंचकर जलस्तर के हालात देख रहे हैं।
हरिद्वार बिजनौर और नरौरा बैराज से पानी का दबाव बढ़ गया है। मंगलवार को हरिद्वार से छोड़ा गया पानी बिजनौर और नरौरा बैराज से होते हुए कछला गंगा नदी में पहुंचने लगा। धीमे धीमे गंगा नदी का जल स्तर बढ़ने लगा है। गंगानदी में सामान्य बाढ़ के हालात बन गए हैं। पानी का स्तर बढ़ने के साथ ही गंगा की धार भी तेज हो गई है। फिलहाल भले ही खतरे के हालात न हो लेकिन जिस तरह गंगा का स्तर बढ़ रहा है, उससे ग्रामीणों की धड़कनें बढ़ी हुई हैं।
हरिद्वार बैराज से पानी का दबाब कम हुआ है, लेकिन नरौरा और बिजनौर बैराज से कछला नदी में पानी का दबाव मंगलवार की अपेक्षा बढ़ा है, जो बृहस्पतिवार को कछला गंगानदी में उफान लगाएगा। संभावित बाढ़ की आशंका के मद्देनजर कासगंज, पटियाली, सहावर तहसील प्रशासन के अफसर, सिंचाई विभाग के अफसरों के साथ निगरानी के लिए निकले हैं। दिनभर गंगा नदी के किनारे पानी के स्तर की निगरानी की है।
चार संवेदनशील इलाके चिह्नित
सिंचाई विभाग ने पानी का स्तर बढ़ते ही संवेदनीशल इलाकों को चिह्नित कर लिया है। पूर्व में कटान का केंद्र बने बरौना, मिहोला, नगला शंभु, नगला खंदारी पर सिंचाई विभाग विशेष निगरानी बनाए हुए हैँ। यहां विभाग की टीमें पूर्व में हुए मरम्मत के कार्य का निरीक्षण किया हैं।
ग्राम प्रधानों से मांगा सहयोग
बाढ़ के हालात बनते ही सिंचाई विभाग और प्रशासन ने समीवर्ती ग्राम पंचायतों के प्रधानों से सहयोग से अपेक्षा की है। अफसरों ने प्रधानों से कहा है कि निगरानी बनाएं रहे और यदि कहीं कोई खतरे की स्थिति नजर आए तो तत्काल प्रशासन व विभाग को सूचना दे दें।
ये हैं आंकड़े
-155261 क्यूसेक पानी हरिद्वार बैराज से छोड़ा गया
264000 क्यूसेक पानी बिजनौर बैरोज से छोड़ा गया
167000 क्यूसेक पानी नरौरा बैराज से छोड़ा गया
162.85 मीटर के निशान पर मंगलवार को था जल स्तर
163.20 मीटर कछला गंगानदी में बुधवार को पहुंच गया जल स्तर
कछला गंगा नदी में सामान्य बाढ़ के हालात बन गए हैं। बृहस्पतिवार को जल स्तर और बढ़ जाएगा। हरिद्वार बैराज से पानी का दबाब कम होने लगा है। लेकिन मंगलवार को हरिद्वार से छोड़ा गया पानी बृहस्पतिवार को कछला गंगा नदी में पहुंच जाएगा। - अरूण कुमार, अधिशाषी अभियंता सिंचाई विभाग