आगरा में मुख्यमंत्री की मुख्य सचिव के नाम पर 1.25 लाख रुपये की ठगी कर ली गई। शास्त्रीपुरम निवासी रविंद्र सिंह की पत्नी मथुरा के फरह स्थित सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में संविदा पर तैनात हैं। तीन आरोपियों ने बेटी की जेठानी को मुख्य सचिव बताकर कर्मचारी को स्थायी नौकरी और आगरा तबादले का झांसा दिया। इसके बाद रकम हड़प ली। पीड़ित के रकम वापस मांगने पर धमकी दी है। इस मामले में थाना सिकंदरा में मुकदमा दर्ज किया गया है।
ए-ब्लाक , ई डब्ल्यूएस, शास्त्रीपुरम निवासी रविंद्र सिंह ने टूंडला निवासी सत्यपाल सिंह, योगेंद्र सिंह और कमला नगर निवासी राजेश के खिलाफ मुकदमा दर्ज कराया है। इसमें कहा कि सत्यपाल से उनकी अच्छी जान पहचान थी। पीड़ित की पत्नी रानी देवी सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र, फरह, मथुरा में तैनात है।
बेटी को बताया था मुख्यमंत्री की मुख्य सचिव
आरोप है कि कुछ समय पहले तीनों आरोपी उनके घर आए। उन्होंने कहा कि राजेश की बेटी की जेठानी मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की मुख्य सचिव है। उनसे बात हो गई है। रानी को स्वास्थ्य केंद्र में संविदा के स्थान पर स्थायी नौकरी पर लगवा देंगे। आगरा में स्थानांतरण भी करा देंगे। इसके लिए 1.25 लाख रुपये की मांग की। रविंद्र सिंह ने बैंक खाते और यूपीआई से रकम ट्रांसफर कर दी। तीनों ने दो जून तक नौकरी स्थायी होने का आश्वासन दिया था।
पीड़ित ने पुलिस को बताया कि तीन जून को सत्यपाल ने पूछने पर बताया कि उसकी मां की मौत हो गई है। वह परेशान है। दो दिन बाद कॉल करने के लिए बोल दिया। मगर, उनका नंबर ब्लैक लिस्ट में डाल दिया। पांच जून को उनके घर जाकर पता किया। सत्यपाल की मां जिंदा मिलीं। उसने झूठ बोला था। रुपये वापस मांगने पर गालीगलौज और जान से मारने की धमकी देकर भगा दिया। थाना सिकंदरा के प्रभारी निरीक्षक कमेलश सिंह ने बताया कि मुकदमा दर्ज कर लिया है। विवेचना के बाद ही कार्रवाई की जाएगी।