आगरा मेट्रो का रखा गया यू गर्डर
- फोटो : अमर उजाला
आगरा मेट्रो का पहला गर्डर शुक्रवार को फतेहाबाद रोड पर ताज ईस्ट गेट मेट्रो स्टेशन के पास रखा गया। बीते साल दिसंबर में काम शुरू होने के 11 माह के अंदर मेट्रो रेल कारपोरेशन ने यह पहला यू गर्डर रखा है। फतेहाबाद रोड पर तैयार किए जा रहे प्राथमिक कॉरिडोर में 196 यू गर्डर रखे जाएंगे। 28 मीटर लंबे गर्डर का वजन 150 टन है।
यूपी मेट्रो के एमडी कुमार केशव ने बताया कि 11 माह के अंदर पहला यू गर्डर रखना बड़ी उपलब्धि है। यह गर्डर प्रीकास्ट तकनीक से बनाए गए हैं। क्रेन की मदद से यू गर्डर को दो पिलर के बीच रखा गया। यह पुराने बॉक्स गर्डर की तुलना में ज्यादा उपयोगी है। दोनों छोर पर जगह ज्यादा होने से सिग्नलिंग उपकरण लगाए जा सकते हैं।
आगरा में संसदीय कमेटी ने किया निरीक्षण: मेट्रो, स्मार्ट सिटी के देखे काम, आज होगी योजनाओं की समीक्षा
नेशनल मॉन्यूमेंट अथॉरिटी से मिली अनुमति
यूपी मेट्रो रेल कारपोरेशन एमडी कुमार केशव के मुताबिक ताजमहल, आगरा किला, जामा मस्जिद समेत केंद्रीय संरक्षित स्मारकों की परिधि में आ रहे मेट्रो स्टेशन के निर्माण के लिए नेशनल मान्यूमेंट अथॉरिटी ने चार स्टेशनों के लिए अनुमति जारी कर दी है। चारों स्टेशनों को पहले चरण में अथॉरिटी की अनुमति मिली है। अन्य स्मारकों और एलीवेटेड स्टेशनों, रूट के लिए अनुमति की प्रक्रिया जारी है। जल्द ही उनके लिए भी अनुमति मिल जाएगी।
शुरू होगा चार भूमिगत स्टेशनों का निर्माण
एमडी कुमार केशव ने बताया कि प्राथमिक कॉरिडोर के एलीवेटेड तीन स्टेशनों के बाद अब चार भूमिगत स्टेशनों का निर्माण कार्य शुरू किया जाएगा। बृहस्पतिवार को चारों स्टेशनों के लिए टेंडर खोला गया है। पूरी प्रक्रिया पूरी होने में चार माह का समय लग जाएगा। मार्च के बाद से भूमिगत स्टेशनों के लिए खोदाई शुरू कराई जाएगी। सबसे पहले शाहजहां पार्क में उद्यान विभाग की जमीन के पास प्रस्तावित भूमिगत स्टेशन का काम शुरू कराया जाएगा।