आगरा। थाना डौकी के ग्राम पंचायत तनौर नूरपुर के प्रधानी के चुनाव में विजयी प्रत्याशी के स्थान पर विपक्षी को विजयी घोषित करने के मामले में रिपोर्ट दर्ज करने के आदेश किए गए हैं। सीजेएम प्रदीप कुमार सिंह ने यह आदेश दिया। मामले में निर्वाचन अधिकारी डॉ. रामप्रवेश, प्रतिद्वंद्वी प्रत्याशी और अज्ञात निर्वाचन कर्मचारी पर आरोप हैं।
तनौर नूरपुर निवासी बबिता देवी पत्नी गीतम सिंह ने इस संबंध में कोर्ट में प्रार्थनापत्र दिया था। इसमें कहा था कि वर्ष 2021 के पंचायत चुनाव में वह ग्राम पंचायत से प्रधान पद की प्रत्याशी थीं। बबिता देवी पत्नी मनोज कुमार भी चुनाव लड़ रही थीं। उन्हें चुनाव चिह्न कार और प्रतिद्वंद्वी बबिता देवी पत्नी मनोज कुमार को चुनाव चिह्न किताब मिला था।
चुनाव में वह बबिता देवी पत्नी गीतम सिंह की जीत हुई। आरोप है कि बाद में षड्यंत्र के तहत चुनाव अधिकारी डॉ. रामप्रवेश और अन्य कर्मचारियों ने हेराफेरी कर प्रतिद्वंद्व बबिता पत्नी मनोज कुमार को प्रमाणपत्र दे दिया। विरोध करने पर आरोपियों ने धमकाकर जेल भेजने की धमकी दी।