अकोला। डीएपी खाद नहीं मिलने से परेशान किसानों ने बृहस्पतिवार को क्षेत्रीय सहकारी समिति अकोला पर हंगामा कर दिया। इस दौरान किसानों ने सचिव पर खाद नहीं बांटने का आरोप भी लगाया। किसानों का गुस्सा देख सचिव ने समिति बंद कर दी। बताया कि पुलिस मांगी गई है। पुलिस की मौजूदगी में ही वह खाद का वितरण करेंगे।
किसान सुरेंद्र सिंह चाहर, उदयवीर सिंह, रतन सिंह, सुखवीर सिंह, रणवीर सिंह, सज्जन सिंह, तेजवीर सिंह, शिवराज सिंह, राजवीर सिंह, दरियाव सिंह, साहब सिंह आदि ने बताया कि आलू और सरसों की बुआई का समय चल रहा है, लेकिन खाद नहीं मिल रही है। सचिव एक-दो कट्टा खाद ही उपलब्ध करा रहे हैं। जबकि जरूरत इससे ज्यादा की है।
खाद नहीं मिलने से ही बृहस्पतिवार को समिति पर सौ से भी ज्यादा किसान जमा हो गए। इन किसानों ने वहां हंगामा कर दिया। इस पर सचिव ने समिति बंद कर दी।
सचिव महेश चंद शर्मा ने बताया की समिति में सिर्फ 800 कट्टा खाद मुहैया कराई गई है। जबकि इससे तीन गुना खाद ही जरूरत है। ऐसे में वह प्रत्येक किसान को दो-दो कट्टा खाद दे रहे हैं, लेकिन किसान 8 से 10 कट्टा खाद मांग रहे हैं। इसके लिए वे झगड़े पर उतारू हैं। सचिव ने बताया कि उन्होंने वितरण के लिए पुलिस की मांग की है।