आगरा में थाना एत्माद्दौला के शाहदरा निवासी पप्पू उर्फ बलवीर (37) 15 मई की रात को झरना नाला के पास स्थित अपने खेत से लापता हो गए थे। 24 दिन बाद भी उनका सुराग नहीं लग सका है। इस मामले में अपहरण का मुकदमा दर्ज किया जा चुका है। पुलिस का कहना है कि पप्पू का मोबाइल नंबर बंद है। सीसीटीवी कैमरे खंगाले गए, लेकिन कोई जानकारी नहीं लग सकी है।
झरना नाले के पास लावारिस मिली थी बाइक
पप्पू के बेटे सनी कुमार ने बताया कि पिता की बाइक झरना नाले के पास लावारिस हालत में खड़ी मिली थी। उस पर खून भी लगा हुआ था। इससे पिता के साथ अनहोनी की आशंका जाहिर की। पुलिस ने पिता की तलाश के लिए खेत के रास्ते पर लगे सीसीटीवी कैमरों के फुटेज चेक किए थे। इसमें कुछ संदिग्ध लोग नजर आए थे। उन्हें पुलिस ने पूछताछ के लिए बुलाया। मगर, उनसे सख्ती से पूछताछ नहीं की। उन्हें छोड़ दिया गया।
दर्ज हुआ मुकदमा
सनी का कहना है कि पिता का अपहरण कर लिया गया है। पुलिस ने छह दिन बाद मुकदमा तो दर्ज कर लिया, लेकिन कोई कार्रवाई नहीं हो रही है। थाना प्रभारी निरीक्षक सत्यदेव शर्मा ने बताया कि मामले में पुलिस टीम को लगाया है। सभी बिंदुओं पर टीम कार्य कर रही हैं। युवक के परिजनों से भी जानकारी जुटाई गई है।
दूसरी घटना: शास्त्रीपुरम इलाके में सीसीटीवी कैमरों के फुटेज में दिखे आरोपी, नहीं हो सकी पहचान
सिकंदरा के शास्त्रीपुरम से छह महीने के अबोध को सोमवार सुबह स्कूटी सवार महिला और युवक उठाकर ले गए थे। सीसीटीवी कैमरों की फुटेज में स्कूटी का नंबर साफ नजर नहीं आ रहा। दो दिन में सौ सीसीटीवी कैमरों के फुटेज देखे जा चुके हैं। दोनों मथुरा की तरफ जाते नजर आ रहे हैं।
पांच दिन पहले आया था गांव से
बालक के पिता फत्तेलाल छत्तीसगढ़ के बिलासपुर स्थित गांव मंगला धुलीपाड़ा के रहने वाले हैं। वह 20 साल से आगरा में रह रहे हैं। पत्नी फूलमणि के साथ मजदूरी करते हैं। पांच दिन पहले गांव से आए थे। सोमवार को पति-पत्नी साइट पर काम कर रहे थे। साइट से आधा किलोमीटर की दूरी पर शास्त्रीपुरम पुलिस चौकी है। साइट पर ही आठ साल का बेटा रितेश छह महीने के भाई को गोद में लेकर खिला रहा था। तभी स्कूटी सवार महिला और युवक आए। रितेश से उसके भाई को गोद में लेकर खिलाने लगे। बिस्कुट और टॉफी लाकर दी। इसके बाद उसे घुमाने के बहाने भाई से छीनकर लेकर चले गए।
रेकी करके उठाया बच्चा
एसपी सिटी ने बताया कि सीसीटीवी कैमरों में स्कूटी नजर आई है लेकिन नंबर और आरोपियों के चेहरे साफ नहीं हैं। वह मास्क पहने नजर आ रहे हैं। सौ से अधिक कैमरे देखे हैं। स्कूटी सवार मथुरा की तरफ जाते नजर आए हैं। महिला 30 और युवक 35 साल का बताया गया है। युवक काले कपड़े पहने हुआ था। आशंका है कि बच्चे को दोनों ने रेकी के बाद उठाया है। क्योंकि वह सीधे बच्चे के पास आए थे। इसके बाद खाने का सामान दिया। उसे उठाकर ले गए। बच्चा चोर गैंग पर शक है।